बरदह गांव की जमीन से बरामद किया एके-47 के स्पेयर पार्ट्स

मुंगेर. मुंगेर का मिर्जापुर बरदह गांव कभी जमीन से ताे कभी पानी से एके-47 सहित उसके पार्ट्स उगल रहा है। एके-47 की बरामदगी को लेकर बरदह गांव में पुलिस टीम ने शनिवार की देर रात छापेमारी कर एके-47 के कई स्पेयर पार्ट्स को बरामद किया है। इस बार भी पुलिस ने एक गिरफ्तार अाराेपी अजमेरी बेगम के घर स्थित गोदाम की जेसीबी से खुदाई कराकर बाेरियाें में रखी एके-47 के कल पुर्जे बरामद किए। बरामद पार्ट्स से कई और एके-47 राइफल तैयार हो जाएगी।

एसपी बाबूराम ने बताया कि शनिवार काे बरामद एके-47 स्पेयर पार्ट्स भी जबलपुर के सेंट्रल आर्डिनेंस डिपो से ही निकाले गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि गिरफ्तार हथियार तस्कर शमशेर और इमरान सिर्फ एके-47 की ही सप्लाई नहीं करते थे बल्कि खराब होने पर स्पेयर पार्ट्स भी उपलब्ध कराते थे।

मुंगेर पुलिस ने पिछले एक महीने में अबतक 20 एके-47 बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि शमशेर व मो. इमरान हथियार और स्पेयर पार्ट्स को छुपाने के लिए रिजवान उर्फ भुट्टो को दे देते थे। पूछताछ में रिजवान उर्फ भुट्टो ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी सास अजमेरी बेगम को एके-47 के स्पेयर पार्ट्स छुपाने के लिए दिए हंै।

शमशेर और इमरान ही करते थे एके-47 की सर्विसिंग : मो. इमरान और शमशेर आलम द्वारा बेचे गए एके-47 का कोई पार्ट्स खराब हो जाता था तो यही दोनों सुरक्षित स्थानों पर जाकर एके-47 की सर्विसिंग करते थे। इस दौरान कोई पार्ट्स खराब हो जाता था तो उसके पार्ट्स को भी बदलते थे। इसके लिए दोनों एके-47 के स्पेयर पार्ट्स अपने पास रखते थे।

2 फीट खुदाई के बाद मिले स्पेयर पार्ट्स : अजमेरी ने बताया कि एके-47 के स्पेयर पार्ट्स गोदाम के पीछे जमीन में गड़े हैं। पुलिस ने जेसीबी से गोदाम की खुदाई कर दो फीट जमीन के अंदर से 101 स्क्रू पिस्टन, 29 लीव बैक माईट, 1 हेम्मर, 21 कम्पेयर सेंटर, एक गॉड हैंड लीवर, तीन पीस सेफ्टी सिलेक्टर, 2 पीस सेफ्टी लीवर, लिवर लॉकिंग स्क्रू, लिवर सेफ्टी एक्सलेटर, कंपेयर सेक्टर सहित भारी मात्रा में एके-47 के स्पेयर पार्ट्स को बरामद किया

भुट्‌टो से जेल में पुलिस ने की थी पूछताछ : 14 सितंबर को बरदह में छापेमारी के दौरान दो एके-47 के साथ ही दो डीबीबीएल गन भी बरामद किया गया था। गन मामले में पुलिस ने भुट्टो और अजमेरी के साथ ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एके-47 मामले में गिरफ्तार शमशेर ने पुलिस को बताया था कि भुट्टो और अजमेरी हथियार को छुपाने का काम किया करते थे। इसके बाद भुट्टो से पुलिस ने जेल में ही पूछताछ की एवं अजमेरी के गोदाम में छापे मारे।

भुट्टो की निशानदेही पर अजमेरी बेगम के गोदाम से एके-47 के कई पार्ट्स बरामद किए गए हैं। एके-47 के स्पेयर पार्ट्स को देखने से ऐसा लग रहा है कि यह भी जबलपुर के सेंट्रल आर्डिनेंस डिपो से ही निकाले गए हैं। लेकिन अब तक इसके कोई ठोस साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं। -बाबूराम, एसपी, मुंगेर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading