सीएम के सामने दुल्हन सा सजा राहत शिविर, जाते ही मवेशियों चोकर गायब, रात में एंबुलेंस से हटाने का वीडियो वायरल होते हीं मचा हड़कंप

हाजीपुर: बिहार में बाढ़ की तबाही के बीच हाजीपुर से राहत व्यवस्था को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निरीक्षण से पहले बाढ़ राहत शिविर को दुल्हन की तरह सजाया गया, लेकिन मुख्यमंत्री के जाते ही कुछ ही घंटों में कथित तौर पर कई इंतजाम समेट लिए गए। इसी बीच रात के अंधेरे में एंबुलेंस से मवेशियों का चोकर हटाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दावा है कि मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले शिविर में तमाम व्यवस्थाएं मुकम्मल दिखाई दे रही थीं। बाढ़ पीड़ितों और उनके मवेशियों के लिए जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया गया था। लेकिन आरोप है कि मुख्यमंत्री के शिविर से निकलते ही व्यवस्था की तस्वीर बदलने लगी।सोशल मीडिया पर वायरल कथित वीडियो में रात के अंधेरे में एक एंबुलेंस के जरिए मवेशियों का चोकर ले जाते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा कि अगर चोकर बाढ़ पीड़ितों के पशुओं के लिए उपलब्ध कराया गया था, तो उसे रात में एंबुलेंस से बाहर क्यों ले जाया जा रहा था?
मामले को लेकर पत्रकारों ने एंबुलेंस चालक से सवाल किया। चालक ने कथित तौर पर डीएचओ से फोन पर बात कराई। वायरल ऑडियो/बातचीत में डीएचओ की ओर से कथित तौर पर यह कहा गया कि चोकर राहत शिविर में मौजूद पशुओं के लिए नहीं था, बल्कि मुख्यमंत्री को दिखाने के लिए लाया गया था।
यदि वायरल बातचीत और वीडियो की पुष्टि होती है, तो यह राहत व्यवस्था की पारदर्शिता पर बेहद गंभीर सवाल खड़ा करता है। बाढ़ जैसी आपदा में जहां हजारों लोग प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहां राहत सामग्री और पशुओं के चारे को लेकर इस तरह के आरोप सामने आना चिंताजनक है।हालांकि, वायरल वीडियो और कथित बातचीत की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की प्रशासनिक जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि चोकर किस उद्देश्य से शिविर में लाया गया था और बाद में उसे एंबुलेंस से क्यों हटाया जा रहा था। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या सफाई देता है और राहत शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading