मुजफ्फरपुर: शहर में गणेश पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। कन्हौली इलाके में गणेश उत्सव पूजा समिति की ओर से इस वर्ष गणपति महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां लगातार जारी हैं।


नौवें वर्ष हो रहा भव्य आयोजन
गणेश उत्सव पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि इस वर्ष गणेश पूजा का आयोजन लगातार नौवें वर्ष किया जा रहा है। 14 सितंबर से 19 सितंबर तक छह दिवसीय पूजा का आयोजन होगा। इस बार माता पार्वती की गोद में विराजमान गणपति बप्पा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। आरती, महाप्रसाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण। पूजा के दौरान प्रतिदिन संध्या 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही संध्या आरती, महाप्रसाद और महाभंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पूजा को भव्य और यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।


इस बार ‘कन्हौली के राजा’ नाम से विराजेंगे बप्पा
समिति ने इस वर्ष गणपति बप्पा को नया नाम ‘कन्हौली के राजा’ दिया है। आयोजन समिति का कहना है कि क्षेत्र के लोग जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश उत्सव में शामिल होते हैं, उसे देखते हुए इस बार आयोजन को और भी भव्य रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

घर-घर पहुंचकर दिया जा रहा निमंत्रण
पूजा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समिति के सदस्य घर-घर जाकर लोगों को निमंत्रण दे रहे हैं। राकेश रंजन के मुताबिक समिति से करीब 250 लोग जुड़े हैं, जबकि 5 से 6 सदस्य लगातार मोहल्ले में जाकर लोगों को पूजा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं, ताकि कोई भी घर आयोजन से अछूता न रहे।


20 सितंबर को होगा विसर्जन
छह दिवसीय पूजा के बाद 20 सितंबर को गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति की ओर से विसर्जन को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

शहरवासियों से शामिल होने की अपील
गणेश उत्सव पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश रंजन ने शहरवासियों और मोहल्लावासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पूजा स्थल पर पहुंचें, गणपति बप्पा के दर्शन करें और उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। समिति ने सभी श्रद्धालुओं को गणेश उत्सव में सादर आमंत्रित किया है।