बार-बार शिकायत के बाद भी नहीं बदला जर्जर तार… फिर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, लाइनमैन को बना लिया बंधक

सीवान: सीवान के सिसवन प्रखंड के गयासपुर गांव में जर्जर बिजली के तार को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर आ गया. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से बिजली के तार जर्जर हालत में हैं और इन्हें बदलने के लिए कई बार बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही.

ग्रामीणों के मुताबिक, जर्जर तार की वजह से गांव में हर समय हादसे का डर बना रहता है. बार-बार शिकायत के बाद भी जब विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा बिजली विभाग के लाइनमैन सोनू बैठा पर फूट पड़ा. ग्रामीणों ने उन्हें कथित तौर पर बंधक बना लिया.

ग्रामीणों का कहना है कि वे किसी बड़ी घटना का इंतजार नहीं करना चाहते. उनका आरोप है कि तार इतने जर्जर हो चुके हैं कि कभी भी टूटकर गिर सकते हैं और इससे जान-माल का नुकसान हो सकता है. इसी वजह से ग्रामीण विभाग से लगातार तार बदलने की मांग कर रहे थे.

घटना के दौरान अभय यादव, आजाद खान, शेख रहमत, विक्कू, सिकन्दर अली और अनवर अली समेत कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे.

मामले को लेकर रिपोर्टर ने बिजली विभाग के जेई अवधेश कुमार से फोन पर उनका पक्ष जानने की कोशिश की. जेई ने फोन उठाया, लेकिन कुछ देर बाद कॉल काट दिया. इसके बाद उनसे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन घटना को लेकर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.

ग्रामीणों ने साफ कहा कि जर्जर तारों की समस्या का जल्द समाधान किया जाए और इलाके की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जाए. ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते तार नहीं बदले गए तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी, इसका जवाब विभाग को देना पड़ेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading