समस्तीपुर: बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और उजियारपुर के RJD विधायक आलोक मेहता ने लोजपा रामविलास के सुप्रीमो चिराग पासवान पर तंज कसा है। कहा है कि चिराग पासवान की हालत ‘ गुड़ खाए गुलगुल्ला से परहेज’ वाली है।

बिहार में इन दिनों बच्चियों के साथ लगातार हो रही छेड़खानी की घटना को लेकर चिराग पासवान ने कहा था कि इन घटनाओं को देखते हुए मुझे एनडीए गठबन्धन की सरकार का हिस्सा होने में शर्म आता है, पूर्व मंत्री आलोक मेहता ने चिराग के उसी बयान को लेकर तंज कसा है। उन्होंने यह भी कहा कि चिराग पासवान के पिता स्व. रामविलास पासवान एक ऐसे विचारधारा के नेता थे, जो एक वोट से सरकार गिराने का काम किये थे।

आरजेडी नेता ने कहा कि यदि चिराग पासवान को वास्तव में बिहार की बच्चियों की चिंता है तो उन्हें भी सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए। लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि उन्हें सिर्फ बयानबाजी करनी है औऱ सत्ता में मलाई भी खाना है।

बिहार में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए आलोक मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का सरकार पर नियंत्रण नहीं रहा। बिहार में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।आलोक मेहता बुधवार को समस्तीपुर में आरजेडी कार्यकर्ताओ की एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उक्त बातें कही।


