बाढ़ पीड़ितों पर सर्विस रिवॉल्वर तानने वाला दारोगा निलंबित, सारण एसएसपी की कार्रवाई

छपरा: बिहार के छपरा में मकेर थाना क्षेत्र से एक पुलिसकर्मी के सर्विस पिस्टल निकालकर लहराने का वीडियो सामने आया है. जिसके बाद एसपी ने थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति मकेर थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह हैं. यह घटना शनिवार को रेवा घाट की बताई जा रही है, जहां बाढ़ प्रभावितों के बीच राशन बांटा जा रहा था.

थानाध्यक्ष ने तान दी सर्विस पिस्टल

वीडियो में साफ दिख रहा है कि राशन से भरी पिकअप गाड़ी पर खड़े थाना अध्यक्ष नीचे इकट्ठा बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों से किसी बात पर बहस करते नजर आते हैं. तभी वे अचानक अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर सामने की ओर तान देते हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है.

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय लोगों के अनुसार रेवा घाट के पास गंडक नदी के बांध पर बाढ़ पीड़ितों को राशन सामग्री बांटी जा रही थी. बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे और भीड़ में कुछ लोग हंगामा कर रहे थे. कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी.

लोगों को शांत कराने पहुंचे थे थानाध्यक्ष

स्थिति बिगड़ने पर थाना अध्यक्ष संग्राम सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की. कुछ लोगों ने राशन वाली पिकअप पर चढ़कर सामग्री छीनने की कोशिश की, जिसके बाद थाना अध्यक्ष खुद गाड़ी पर चढ़ गए और समझाने लगे.

उपद्रवियों को रोकने के लिए निकाली पिस्टल

भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर कथित गलत टिप्पणियां की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. भीड़ को काबू में रखने और उपद्रवियों को रोकने के उद्देश्य से थाना अध्यक्ष ने अपनी पिस्टल निकाल ली. वायरल वीडियो में हथियार निकालकर तानने का दृश्य स्पष्ट रूप से दिख रहा है.

थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में चर्चा शुरू हो गई. सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने सख्त कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पूरे घटनाक्रम की जांच चल रही है और वीडियो तथा मौके पर मौजूद लोगों की जानकारी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading