पटना: मौसम विभाग ने बिहार के 19 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. मंगलवार को राजधानी पटना और गया समेत पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, मधुबनी, सीतामढ़ी, बेगूसराय, दरभंगा, समस्तीपुर, सिवान, वैशाली समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान आंधी-बारिश और वज्रपात की संभावना है.

तीन दिनों तक सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अक्टूबर तक मौसम सक्रिय रहेगा. इस दौरान कई इलाकों में तेज हवा भी चल सकती है. इन दिनों अलग-अलग क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 7 अक्टूबर को मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है. इसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा और मधेपुरा शामिल हैं, जहां वज्रपात के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

8 अक्टूबर को बड़े हिस्से में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को बिहार के बड़े हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है. इसमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

मानसून की विदाई और बीते 24 घंटे का हाल
राज्य से मानसून की विदाई के साथ कई जिलों में बारिश हो रही है. बीते 24 घंटे की रिपोर्ट में किशनगंज और पश्चिम चंपारण के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. पटना समेत कई इलाकों में बादल और धूप के साथ मानसून शुष्क रहा. बीते 24 घंटे में किशनगंज में 70.2 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई.

प्रमुख शहरों का तापमान
राज्य में तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटे की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम चंपारण के वाल्मिकी नगर में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस जिले में न्यूनतम तामान में 2.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी. मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, नालंदा, पटना, गया, रोहतास, छपरा आदि जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गयी.

मौसम बदलने की मुख्य वजह
समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर उत्तर-पूर्व बिहार से पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन बनी है. इसी के प्रभाव के कारण मौसम में परिवर्तन और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो रही है. दक्षिण बिहार से विदर्भ तक एक अन्य ट्रफ लाइन मौसम में हल्की नमी पैदा कर रही है. मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि मानसून जैसे-जैसे विदा होगा मौसम में बदलाव होते रहेगा. सुबह और शाम में हल्की ठंड का अहसास होना शुरू हो जाएगा.

