गया. गया जिले के नीमचकबथानी में जहानाबाद के सांसद डॉ. अरुण के पुत्र ऋतुराज की गाड़ी पर ईंट से हमला किया गया और उनकी गाड़ी को काफी देर तक रोककर सांसद विरोधी नारे लगाए गए। खिजरसराय थाना स्थित बाना मोड़ के समीप रविवार को यह घटना हुई।
पटना में सवर्णों पर हुई लाठी चार्ज के विरोध में भूमिहार-ब्राह्मण एकता मंच के सदस्यों ने इस घटना को अंजाम दिया। लाठी चार्ज के बाद सांसद की चुप्पी से ये लोग काफी नाराज थे। मंच के लोगों को जानकारी मिली कि सांसद डॉ. अरुण कुमार मोहड़ा प्रखंड के सेवतर गांव में एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं। जबकि गाड़ी में उनके बेटे ऋतुराज थे। ऋतुराज समता पार्टी सेक्युलर के यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
मंच के सदस्य पहले से ही खिजरसराय-अतरी मार्ग पर काला झंडा लेकर खड़े थे और सांसद मुर्दाबाद के विरोध में नारे लगा रहे थे। जैसे ही सांसद पुत्र अपने समर्थकों के काफिले के साथ बाना गांव के समीप पहुंचे मंच के सदस्य नारेबाजी करने लगे। वाहन को घेर लिया। एक ने ईंट स्कॉर्पियो पर फेंक दी। आगे का शीशा टूट गया। खड़ी पुलिस बेबस दिखी।