ट्राई की नई ब्रॉडकास्टिंग नीति आज से लागू

करीब 83 फीसदी डीटीएच और केबल ग्राहकों ने पसंदीदा चैनल व मनचाहे पैक चुन लिए हैं। वहीं, ट्राई ने डीटीएच सेवा प्रदाताओं को लंबी अवधि के प्री-पेड पैक जारी रखने की छूट दे दी है। ट्राई चेयरमैन आरएस शर्मा ने कहा कि नई नीति का फायदा ग्राहकों को मिलेगा। अब तक ग्राहक डीटीएच और केबल ऑपरेटर के मुताबिक ही चैनल देख सकते थे।

अगर अभी चैनलों का चुनाव करते हैं तो बची हुई राशि का इस्तेमाल हो जाएगा। बाद में चुनाव करेंगे तो नए हिसाब से रिचार्ज होगा। नए नियम से ग्राहक, सेवा प्रदाता और चैनल के बीच संतुलन रहेगा।

ट्राई के चेयरमैन ने बताया कि जिन लोगों ने लंबी अवधि के प्लान ले रखे हैं, उन्हें जारी रखने या बदलाव करने की छूट है। डीटीएच और केबल ग्राहक 1 फरवरी के बाद भी अपने पसंदीदा चैनल या कॉम्बो पैक का चुनाव कर सकेंगे। ऐसा नहीं करने पर वे सिर्फ फ्री टू एयर चैनल ही देख पाएंगे।

ब्रॉडकास्टिंग क्षेत्र ने दूरसंचार नियामक के नए नियमों का भारी विरोध किया था। कुछ डीटीएच और केबल सेवा प्रदाता ने कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था, लेकिन ट्राई नई नीति लागू कराने पर अडिग रहा। इस दौरान तमाम कयास लगाए गए कि नई नीति से शुल्क में बढ़ोतरी हो जाएगी। 1 फरवरी के बाद चैनल ब्लैकआउट हो जाएंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और 83 फीसदी ग्राहकों ने पसंदीदा चैनल चुन लिए।

ट्राई ने अपनी वेबसाइट पर 42 प्रसारणकर्ताओं के कुल 332 चैनलों का शुल्क स्पष्ट किया है। एक रुपये से लेकर 19 रुपये तक के चैनलों की सूची वेबसाइट पर है।

अगर कोई कॉम्बो पैक या चैनल नहीं चुना जाता है तो ग्राहक को प्रति माह 130 रुपये ही देने होंगे। इसमें उसे 100 चैनल मिलेंगे।

इसमें 65 फ्री टू एयर चैनल शामिल होंगे, जिनमें दूरदर्शन के 23 चैनल, तीन संगीत के चैनल, तीन समाचार चैनल और तीन फिल्म के चैनल हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.