पटना: बिहार में दिवाली, काली पूजा और छठ महापर्व को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है. त्योहारों के दौरान विधि व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए बिहार पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है.

विशेष परिस्थिति में ही मिलेगा अवकाश
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 6 नवंबर 2026 से 16 नवंबर 2026 तक सभी प्रकार के अवकाश बंद रहेंगे. हालांकि विशेष परिस्थिति में ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा. इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय के अपर पुलिस महानिदेशक, विधि व्यवस्था की ओर से जारी इस आदेश को बिहार पुलिस के सभी संबंधित विभागों और इकाइयों के प्रमुखों को भेजा गया है.
इन विभागों और इकाइयों की छुट्टियां रद्द
जारी आदेश में पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, विशेष शाखा, अभियान, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, रेलवे, अपराध अनुसंधान विभाग, आर्थिक अपराध इकाई, एटीएस और अन्य संबंधित इकाइयों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है.

विधि व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
आदेश में कहा गया है कि काली पूजा, दीपावली और छठ पर्व 2026 के अवसर पर विधि व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसी को ध्यान में रखते हुए 6 नवंबर से 16 नवंबर तक सभी प्रकार के अवकाश बंद रखने का निर्णय लिया गया है.

क्विक रिस्पांस टीम होगी गठित
पुलिस मुख्यालय ने सभी वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, समादेष्टा और प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी कार्यालयों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों की क्विक रिस्पांस टीम यानी क्यूआरटी गठित की जाएगी. इन टीमों को काली पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान विधि व्यवस्था ड्यूटी में लगाया जाएगा.

विशेष शाखा और अन्य इकाइयां भी अलर्ट
पुलिस मुख्यालय ने रेलवे पुलिस सहित सभी क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा विशेष शाखा और अन्य संबंधित इकाइयों को भी इस संबंध में सूचना देते हुए आवश्यक तैयारी पूरी करने को कहा गया है. दरअसल दीपावली और काली पूजा के बाद छठ महापर्व के दौरान बिहार के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों, बाजारों, पूजा पंडालों और घाटों पर जुटते हैं. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है.
