बॉलीवुड के कॉमेडी एक्टर जावेद जाफरी समाजिक मामलों पर अपनी राय भी देते रहे हैं साथ ही बहुत से मुद्दों का विरोध भी करते हैं। ताजा मामला अलीगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को गोली मारकर उसका दहन करने को लेकर है।
इस मामले पर जावेद जाफरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। गौरतलब है कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पाण्डेय ने नाथूराम गोडसे की याद में शौर्य दिवस के रूप में मनाया। पूजा शकुन ने गांधी जी के पुतले को तीन गोली मारकर उसका दहन किया।

पुलिस ने इस मामले में नौ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में कुछ गिरफ्तारी भी हुई हैं।
जावेद जाफरी ने ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इस घटना पर दुख प्रकट किया , उन्होंने लिखा- ‘उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में उन्होंने पहले महात्मा गांधी के पुतले पर गोलियां चलाईं और ‘महात्मा नाथूराम गोडसे अमर रहे’ के नारे लगाए, फिर मिठाई बांटी, नया भारत!’ ।

जावेद जाफरी के इस ट्विट पर उनके फैंस अपनी प्रतिकिया भी दे रहे हैं। जावेद इस तरह वह कई सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखते रहे हैं।
जावेद जाफरी के अलावा ‘गाजी अटैक’ एक्टर अतुल कुलकर्णी ने भी इस घटना की आलोचना की है। उन्होंने ट्वीट किया- ‘उन तीन गोलियों का सफर आज भी जारी है, एक जिंदगी से ज्यादा की तबाही ये कर रही हैं…..आज से 71 साल पहले कई हत्याएं हुईं थीं।’
महात्मा गांधी के पुतले पर गोली चलाने और फिर दहन करने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। साथ ही लोग इस घटना की आलोचना भी कर रहे हैं।
