MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में नगर थाना क्षेत्र समेत जिले के सभी थानाध्यक्षों द्वारा जन संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया। नगर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार की अध्यक्षता में नगर थाना क्षेत्र के मारवाड़ी व्यामशाला में शहर के बुद्धिजीवियों, वार्ड पार्षदों और गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया।

जन संवाद गोष्ठी के तहत आयोजित बैठक में संबंधित थाना क्षेत्र की जनता एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न समस्याओं से थाना अध्यक्ष को अवगत कराते हुये कई सुझाव भी दिये गये।
इस संवाद में मुख्यत: लोगों ने बेकार पड़े टेलीफोन के खंभे, अतिक्रमण, प्रदूषण आदि की समस्याओं पर थाना अध्यक्ष के साथ चर्चा की।

साथ ही जनप्रतिनिधियों ने सघन वाहन चेकिंग अभियान, आॅटो चालकों की मनमानी, सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन चलाते नाबालिग आॅटो चालक, बाईकर्स पर भी कई सुझाव दिये गये। बाईकर्स गैंग द्वारा आये दिन लूट व छिनतई पर लगाम लगाने हेतू भी विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। वहीं थानाध्यक्षों द्वारा इसका उचित निवारण करने का भरोसा भी दिलाया गया।

गौरतलब हो की एसएसपी मनोज कुमार द्वारा कम्युनिटी पोलिसिंग के तहत हर माह के प्रथम शनिवार को जिले के सभी थानों को पुलिस पब्लिक के बीच एक बैठक का आयोजन करना है एवम् समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुये उनके निष्पादन और निवारण हेतु भी कार्रवाई करना है।
