4 साल बाद रसोई गैस सिलेंडर 900 रुपए के पार

इंदौर. रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के चलते चार साल बाद फिर से सिलेंडर 900 रुपए के पार हो गया है। 1 अक्टूबर को तय हुए नए दाम के बाद इंदौर के लिए यह सिलेंडर 57.50 रुपए महंगा होते हुए 906.50 रुपए का हो गया है। इस पर खाते में कैश सब्सिडी 401 रुपए 40 पैसे आएगी। इसके पहले साल 2014 में रसोई गैस सिलेंडर एक हजार रुपए को भी पार कर गया था।

वहीं लगातार बढ़ते दाम के चलते सब्सिडी लेने वाले ग्राहकों को भी यह सिलेंडर एक साल में 36 रुपए 40 पैसे महंगा हो गया। दरअसल खाते में आने वाली सब्सिडी पर भी पांच फीसदी जीएसटी लग जाता है, इसलिए जितना अधिक सिलेंडर महंगा होता जाता है, उसके अनुपात में खाते में आने वाली सब्सिडी कम होती जाती है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम भी 86 रुपए बढ़कर 1557.5 रुपए हो गए। पहले यह 1471.5 पैसे थे।

ऐसे बढ़ गए सालभर 36.40 रुपए
अगस्त-सिंतबर 2017 में सिलेंडर के दाम 530.50 रु. थे। खाते में सब्सिडी 61.80 रु. आती थी। ग्राहक को 468.70 रु. का सिलेंडर पड़ता था। इसकी तुलना अभी के सब्सिडी वाले सिलेंडर के दामों (906.50-401.40) 505.10 रु. से करें तो यह एक साल में 36.40 रु. महंगा हो गया।

45.32 रुपए कटेगा जीएसटी : 1 अक्टूबर 2018 में सिलेंडर के दाम- 906.50 रुपए हैं
– सब्सिडी खाते में आएगी – 401.40 रुपए
– जीएसटी – 45.32 रुपए प्रति सिलेंडर (5 फीसदी है)

सीएनजी 6.49 रुपए महंगी हो गई, ऑटो चालक संघ ने की किराया बढ़ाने की मांग : सीएनजी के दाम 6 रु. 49 पैसे प्रति किलो बढ गए हैं। अब यह 58.50 रु. प्रति किलो की जगह 64.99 रु. किलो मिलेगी। दाम बढ़ने से ऑटो चालक संघ ने किराया बढ़ाने की मांग की है। संघ के अध्यक्ष राजेश बिड़कर ने कहा अभी तक ऑटो के पहले किमी पर 15 और बाद के किमी के दाम 12 रु. हैं।

इसे बढ़ाकर क्रमश: 18 और 15 रु. करना चाहिए। स्कूली ऑटो में भी प्रति बच्चा 50 से 100 रु. किराया बढ़ाएंगे। यदि किराया नहीं बढ़ाते हैं तो गैस के दाम कम करें। दोनों में से कुछ नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। शहर में 20 हजार से अधिक ऑटो हैं।

1 माह में पेट्रोल 4.88 रु. और डीजल 4.62 रु. महंगा : पेट्रोल-डीजल के दाम पहले ही इतिहास में सर्वाधिक दरों पर चल रहे हैं। केवल सितंबर माह की ही बात करें तो पेट्रोल 84.47 रु. प्रति लीटर से 4 रु. 88 पैसे बढ़कर 89.35 रु. प्रति लीटर हो गया। इसी तरह डीजल भी एक माह में 74.28 रु. प्रति लीटर से 4 रु. 62 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 78.90 रु. हो गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading