मुंबई के एक लड़के को घरवालों ने पबजी खेलने के लिए 37,000 रुपये का फोन नहीं दिया तो उसने सुसाइड कर ली है। यह मामला मुंबई के कुर्ला इलाके के नेहरू नगर का है, जहां एक 18 साल के लड़के ने PUBG खेलने के लिए 37,000 रुपये का फोन नहीं मिलने के कारण आत्महत्या कर ली है।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे ने 37,000 रुपये के स्मार्टफोन की मांग की थी लेकिन घरवाले 20,000 रुपये देने के लिए राजी थे जिसके बाद उसने सुसाइड कर लिया है, हालांकि पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
बता दें कि हाल ही में 11 साल का एक बच्चा पबजी को भारत में पूरी तरह से बैन करने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा था। अहद निजाम नाम के बच्चे ने बॉम्बे हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर करके पबजी पर बैन की मांग की है और कहा है कि पबजी गेम हिंसा, आक्रामकता और साइबर अपराध को बढ़ावा देता है।

वहीं कुछ दिन पहले गुजरात में पबजी पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर में भी पबजी पर बैन लगाने की मांग की गई है।
पबजी गेम के कारण हाई-स्कूल के बच्चों में चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। साथ ही पढ़ाई में उनका मन नहीं लग रहा है जिसके मद्देनजर गुजरात सरकार ने जिला शिक्षा अधिकारियों को एक सर्कुलर जारी करते हुए पबजी गेम पर बैन लगाने को कहा है।
