उत्तराखंड के ऋषिकेश में शीशम झाड़ी स्थित मदर मिरेकल स्कूल की संस्थापिका शाइला इत्तेफाम की मानें तो 34 बच्चियों के पालन पोषण सहित उनकी शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा बॉलीवुड की डिंपल गर्ल अभिनेत्री प्रीति जिंटा को अब याद नहीं है। उनका कहना है कि प्रीति जिंटा ने कहा था कि वह प्रत्येक वर्ष स्कूल की दो बच्चियों का संपूर्ण खर्चा उठाएंगी।

उनकी इस वादाखिलाफी और उपेक्षा से स्कूल प्रबंधन बेहद खफा है। स्कूल में प्रीती जिंटा शादी से पूर्व तथा शादी के बाद अपने पति के साथ कई बार आ चुकी हैं। शादी से पहले साल 2009 में जब वह यहां आईं थीं तो उन्होंने मदर मिरेकल स्कूल की संस्थापिका शाइला इत्तेफाम से स्कूल में पढ़ने वाले अनाथ बच्चों को गोद लेने की इच्छा जताई थी।

इस पर संस्थापिका शाइला इत्तेफाम ने सहमति भी दे दी थी। उस दौरान प्रीती जिंटा ने स्कूल में पढ़ने वाली 34 ऐसी बच्चियां जिनके माता पिता नहीं है, उनके पालन पोषण समेत स्कूली शिक्षा का खर्चा उठाने का वादा किया था।

साथ ही उन्होंने हर वर्ष दो बच्चियों का संपूर्ण खर्च उठाने की भी बात कही थी। बकौल मौजूदा स्कूल की संस्थापिका शाइला अब हालात ये हैं कि साल 2009 में जिन 34 बच्चियों को अभिनेत्री प्रीती जिंटा ने अपनाने को कहा था, उनका खर्च उठाने की बात तो दूर कुशलक्षेम तक कई वर्षों से उन्होंने नहीं पूछी है।

शाइला इत्तेफाम के अनुसार प्रीती जिंटा सिर्फ स्कूल में आई और बच्चों के साथ फोटो खिंचाकर चली गईं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम में प्रतिक्रिया दी कि प्रीती जिंटा ने कभी किसी बच्चे का किसी भी प्रकार का खर्च नहीं उठाया और न ही वर्तमान में किया जा रहा है।
