
यदि आप भी अपने फोन पर आए किसी भी मैसेज पर झट से क्लिक करते हैं तो थोड़ा सावधान रहिए, नहीं आपका भी बैंक अकाउंट खाली हो जाएगा।
गुरुग्राम में कुछ ऐसा ही हुआ है कि शख्स के मोबाइल पर एक मैसेज आया और उसमें एक वेब लिंक दिया गया था। लिंक पर क्लिक करने पर फोन में एक ऐप इंस्टॉल हुआ और इसके बाद उनके खाते से 60,000 रुपये गायब हो गए।
पीड़ित शख्स की उम्र 52 साल है और वह पेशे से कारोबारी हैं।

पुलिस रिपोर्ट की मानें तो ठगों ने पहले पीड़ित के फोन पर एक मैसेज भेजा जिसमें ऐप डाउनलोड के लिए लिंक दिया गया था। उसके बाद फोन करके खुद को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का अधिकारी बताया और लिंक पर क्लिक करने को कहा। लिंक पर क्लिक होते ही पीड़ित के फोन में एक ऐप इंस्टॉल हुआ।
इसके बाद उनके खाते से दो बार में 60,000 रुपये निकाले गए। हालांकि यह मामला अब उजागर हुआ लेकिन यह ठगी सितंबर 2018 में हुई थी और इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत सेक्टर-10 पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर भी दर्ज की गई है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर रात में करीब 2.30 बजे एक ओटीपी मिला और वह ओटीपी खुद ही एक अन्य नंबर पर चला गया। वहीं इस घटना से पहले उनके फोन पर आयकर रिटर्न भरने के लिए एक मैसेज भी आया था। फोन पर आए मैसेज वाले नंबर को ट्रैक करने पर पता चला है कि वह नंबर पुणे का है।
हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। तो अब आपको बेहद ही सतर्क रहने की जरूरत है और किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज पर क्लिक ना ही करें तो बेहतर होगा।
