तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ ब्रायन ने सोमवार को कहा कि जिनके घर शीशे का बना हो उसे दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। अगर प्रधानमंत्री किसी दूसरे नेता पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हैं तो दूसरे लोग भी उन पर व्यक्तिगत हमला करेंगे क्योंकि सबको मालूम है कि पीएम मोदी और अमित शाह का इतिहास क्या रहा है।
ब्रायन सोमवार को चंद्रबाबू नायडू के द्वारा आयोजित भूख हड़ताल स्थल से बोल रहे थे। तृणमूल नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार की गैर संवैधानिक कार्रवाई को देखकर उसके एक-एक सहयोगी उसका साथ छोड़कर जा रहे हैं। चंद्रबाबू नायडू भी इसी वजह से सरकार से बाहर जाने के लिए मजबूर हुए। लेकिन जो भी सरकार का साथ छोड़ता है उसे डराने के लिए वह सीबीआई का प्रयोग करने लगती है।

केंद्र सरकार को सीबीआई और ईडी के रुप में नया सहयोगी मिल गया है। लेकिन सरकार को समझना पड़ेगा कि कोई भी उसकी सीबीआई से डरने वाला नहीं है क्योंकि सभी जानते हैं कि उसकी विदाई का समय आ गया है।
टीएमसी नेता ने कहा कि सरकार ने सेस इत्यादि के माध्यम से देश से 4.5 लाख करोड़ रुपये की टैक्स वसूली की है। लेकिन इसके बदले राज्यों को ‘खराब रसगुल्ला’ दे दिया गया है। प्रधानमंत्री बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा जरुर बुलंद करते हैं लेकिन इस योजना के लिए निर्धारित रकम में से लगभग साठ फीसदी अपने ही प्रचार पर खर्च करते हैं।

तेलगू देशम पार्टी के धरना स्थल पर पहुंचे मुलायम सिंह ने कहा कि वे हर मंच से हर स्थिति में चंद्रबाबू नायडू का समर्थन करेंगे। इसका कारण बताते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रुप में चंद्रबाबू नायडू ने ही पेश किया था। हालांकि उस समय की परिस्थितियां कुछ और थीं और वे प्रधानमंत्री नहीं बन सके थे।
