देश की सबसे तेज ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस या ट्रेन-18 में सफर के लिए आपको शताब्दी से डेढ़ गुना ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। नई दिल्ली से वाराणसी के बीच एसी चेयरकार का किराया 1,850 रुपये, जबकि एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 3,520 रुपये होगा। इसमें कैटरिंग सर्विस चार्ज शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 फरवरी को वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास में खाने के दाम भी अलग-अलग होंगे। नई दिल्ली से वाराणसी के बीच एग्जीक्यूटिव क्लास के यात्रियों को सुबह की चाय, नाश्ता और लंच के लिए 399 रुपये देने होंगे। वहीं, चेयरकार के यात्रियों को 344 रुपये चुकाने होंगे।

नई दिल्ली से कानपुर और प्रयागराज तक सफर करने वाले यात्रियों को एग्जीक्यूटिव क्लास में 155 और चेयरकार में 122 रुपये खाने के लिए देने होंगे। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच एग्जीक्यूटिव क्लास के यात्रियों को 349 और चेयरकार में 288 रुपये खाने के लिए देने होंगे। उन्हें शाम में चाय, स्नैक्स और डिनर दिया जाएगा।
वंदे भारत एक्सप्रेस 755 किमी की यात्रा में कानपुर और प्रयागराज स्टेशन पर रुकेगी। इस मार्ग पर यह सबसे ज्यादा गति से चलने वाली ट्रेन होगी। यह यात्रा 8 घंटे में तय होगी। मौजूदा समय में सबसे तेज चलने वाली ट्रेन को यह दूरी तय करने में 11.30 घंटे लगते हैं।

ट्रेन-18 को ट्रायल के दौरान 180 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार पर दौड़ाया गया। अभी शताब्दी की रफ्तार 130 किमी प्रति घंटे तक है। ऐसे में नई एक्सप्रेस ट्रेन के सफर से लोगों के समय में 15 से 20 प्रतिशत तक की बचत होगी।
इस तरह होगा अन्य किराया
कहां से कहां तक चेयरकार एग्जीक्यूटिव क्लास
दिल्ली से कानपुर 1150 रूपए 2,245 रुपये
दिल्ली से प्रयागराज 1,480 रुपये 2,935 रुपये
कानपुर से प्रयागराज 630 रुपये 1,245 रुपये
कानपुर से वाराणसी 1,065 रुपये 1,925 रुपये
