हरेन पांड्या हत्या मामले की दोबारा जांच वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने, सुरक्षित रखा फैसला

सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात के पूर्व गृह मंत्री हरेन पांड्या की हत्या की नए सिरे से जांच करने की मांग वाली जनहित याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा है।

पीठ पहले ही इसी तरह की याचिका पर सुनवाई कर रही है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने हरेन पांड्या हत्या मामले में नई जांच के लिए दायर याचिका पर 11 फरवरी को सुनवाई करने को कहा था। कुछ नए तथ्य सामने आने के बाद एक एनजीओ ने इस मामले की दोबारा जांच की गुहार लगाई है।

न्यायमूर्ति ए के सीकरी और न्यायमूर्ति एस अब्दुल नजीर की पीठ ने कहा था कि इस मामले में अन्य पीठ में पहले से ही अपील पर सुनवाई चल रही है। पीठ ने कहा कि यह उचित होगा कि वही पीठ इस याचिका की भी सुनवाई करे।

इस मामले में सभी आरोपियों को गुजरात हाईकोर्ट द्वारा बरी करने के फैसले के खिलाफ सीबीआई की अपील पर न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने 31 जनवरी को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिकाकर्ता एनजीओ सीपीआईएल के वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि ट्रायल के बाद चार नए तथ्य सामने आए हैं, इसलिए इस मामले की दोबारा जांच होनी चाहिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.