
PATNA : बिहार विधानसभा में आज निजी सुरक्षाकर्मी व बाउंसर्स के साथ विधानसभा पहुंचे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे व विधायक तेजप्रताप यादव मामले में संज्ञान लेते हुए बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. डीजीपी श्री पाण्डेय ने कहा कि ये विधानसभा की सुरक्षा में चूक का मामला है. इस मामले में जो भी दोषी होगा उसे नाप दिया जाएगा. किसी को बख्शा नहीं जाएगा. खबर तो यहां तक है कि इस मामले में डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय बड़ी कार्रवाई कर सकते हैं. साथ ही गेट नंबर 8 पर तैनात 15 पुलिसकर्मियों पर भी डीजीपी की गाज गिर सकती है और उन्हें भी निलंबित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि विधान सभा परिसर में बिना एंट्री पास के तेजप्रताप यादव के निजी गार्ड विधान सभा परिसर में कैसे घुस गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए पहुंचे तेजप्रताप यादव के साथ सरकारी और निजी दोनों सुरक्षाकर्मी के साथ विधानसभा पहुंचे. तेजप्रताप यादव अपने गार्ड्स के साथ विधानसभा में प्रवेश करने लगे. विधानसभा में प्रवेश के दौरान जब सुरक्षाकर्मियों ने पास के संबंध में पूछताछ की, तो वे कुछ नहीं बता पाये. सदन के मार्शल द्वारा पूछताछ किये जाने पर बाउंसरों ने कुछ कहना मुनासिब नहीं समझा और चुप्पी साधते हुए इधर-उधर जाने लगे. तेज प्रताप के सभी बाउंसरों के पास हथियार भी था.

विधानसभा में बाउंसरों के साथ पहुंचे तेजप्रताप ने सफाई देते हुए कहा कि मैं देखना चाहता था कि विधानसभा में सुरक्षा कैसी है? क्या मंत्री जी और आपलोग हमें सुरक्षा देंगे? अगर सुरक्षा देंगे, तो हम अपने साथ बाउंसर्स नहीं लायेंगे. उन्होंने कहा कि मेरे पास सरकारी सुरक्षा नहीं है. इसलिए निजी सुरक्षाकर्मी रखे हैं. आज तेजप्रताप यादव गेट ने 8 से अपने निजी सुरक्षा गार्ड के साथ अंदर घुसे थे. तेजप्रताप यादव के निजी गार्ड्स के पास विधान सभा परिसर में एंट्री का पास नहीं था उसके बाद भी तेजप्रताप यादव के निजी गार्ड विधान सभा परिसर में घुस गए. विदित हो की आज बुधवार को बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के तीसरे दिन विपक्षी दलों ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सदन के बाहर प्रदर्शन किया.