पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर गुरुवार को आतंकियों ने हमला किया था। जिसमें 37 जवान शहीद हो गए हैं। इस हमले की देश-विदेश में काफी निंदा सकी गई है। देश के कई बड़े राजनेता इसपर दुख जता चुके हैं और शहीदों के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पुलवामा आतंकी हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘यह एक भयानक त्रासदी है। हमारे सैनिकों के खिलाफ इस तरह की हिंसा बिल्कुल घृणित है। हम सभी अपने जवानों के साथ खड़े हैं। कोई भी ताकत इस देश को विभाजित या तोड़ नहीं सकती है।’
गांधी ने आगे कहा, ‘यह शोक, दुख और सम्मान का समय है। हम भारत सरकार और हमारे सुरक्षा बलों का पूरा समर्थन करते हैं। हम इसके अलावा किसी अन्य चीज पर बात नहीं करेंगे। यह हमला बहुत ही निंदनीय है। पूरा विपक्ष सरकार और सेना के साथ खड़ा है।’

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, ‘आज शोक का दिन है। हमारा देश करीब 40 सशस्त्र बलों के जवानों को खो चुका है और हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य यह है कि हम उनके परिवारों को बताएं कि हम इस समय हम उनके साथ हैं। हम कभी भी आतंकवादी ताकतों से समझौता नहीं करेंगे। मैं आतंक की इस घटना की निंदा करता हूं, हमारी संवेदनाएं शहीद जवानों और उनके परिवारों के साथ हैं।’
