जम्मू और कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले की जांच करने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलवामा हमले के विरोध में नालसोपारा रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
जिसकी वजह से नालासोपारा और उसके आसपास ट्रेन की गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने शहीद कांस्टेबल रतम कुमार ठाकुर और हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिन्हा को श्रद्धांजलि दी।

देहरादून में आज पुलवामा में शहीद हुए एएसआई मोहन लाल को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद थे। उनकी बेटी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी सीआरपीएफ जवान रमेश यादव का पार्थिव शरीर उत्तर प्रदेश के वाराणसी के तोफापुर गांव पहुंच गया है।

राजस्थान के रोहिताश लांबा का पार्थिव शरीर जयपुर के उनके पैतृक गांव गोविंदपुरा पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के चंदौली में शहीद सीआरपीएफ जवान अवधेश कुमार यादव के घर पर मातम पसरा हुआ है। वह पुलवामा हमले में शहीद हो गए थे।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार दोपहर को सीआरपीएफ जवानों के काफिले को आतंकवादियों ने अपना निशाना बनाया। जिसमें 40 जवान शहीद हो गए हैं जबकि पांच घायल हैं।
पूरा देश शहीदों के बलिदान से गम में डूबा हुआ है। हर कोई पाकिस्तान को उसकी इस कायराना हरकत का माकूल जवाब देने की मांग कर रहा है। गुस्से और गम के बीच शहीदों का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचाया जा रहा है। जहां से उन्हें नम आंखों से अंतिम सफर पर रवाना कर दिया जाएगा।
