राजकोट. भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैच की सीरीज का पहला टेस्ट यहां जारी है। भारत का स्कोर 30 ओवर में एक विकेट पर 166 रन है। पृथ्वी शॉ 93 और चेतेश्वर पुजारा 67 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज दूसरे विकेट के लिए 140 से ज्यादा रन की साझेदारी कर चुके हैं।
पुजारा पहली बार लंच से पहले 50 के पार पहुंचे ः यह पहली बार जब पुजारा टेस्ट के पहले दिन लंच से पहले अर्धशतक लगाने में सफल हुए। इस टेस्ट से पृथ्वी ने अपना टेस्ट डेब्यू किया। केएल राहुल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें शॉननन ग्रैब्रिएल ने एलबीडब्ल्यू किया।
भारत ने टॉस जीता, बल्लेबाजी चुनी ः इससे पहले भारत ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस सीरीज को भारतीय टीम नवंबर-दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले सीरीज की तैयारी के तौर पर ले रही है। वेस्टइंडीज के नियमित कप्तान जेसन होल्डर के टखने में चोट लग गई है। इस कारण इस टेस्ट में वेस्टइंडीज की कमान कार्लोस ब्रैथवेट संभाल रहे हैं।
विराट ने पृथ्वी को टेस्ट कैप दीः इस टेस्ट में टीम इंडिया नई ओपनिंग जोड़ी के साथ खेली। पृथ्वी शॉ ने केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत की। पृथ्वी देश के 293वें टेस्ट क्रिकेटर हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने उन्हें टेस्ट कैप दी। पृथ्वी भारत के लिए टेस्ट में डेब्यू करने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के क्रिकेटर हैं। उनकी उम्र 18 साल 329 दिन है। उनसे पहले विजय मेहरा ने 17 साल 265 दिन की उम्र में 1955 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तत्कालीन बांबे के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारत के सलामी बल्लेबाज के तौर पर डेब्यू किया था। पृथ्वी रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी डेब्यू में शतक लगा चुके हैं। वे अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीतने वाले सबसे कम उम्र के कप्तान भी हैं।