जयपुर/ सीकर। जितने भी गिले शिकवे हैं मेरे खाते में डाल दो बाकी चुनाव के बाद सैटल कर लेंगे। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सीकर में शक्ति सम्मेलन केंद्र को संबोधित करते हुए कही। शाह ने कहा कि हमारा लक्ष्य अभी चुनाव जीतना होना चाहिए। शाह गुरुवार को सीकर और बीकानेर जिले के दौरे पर हैं।
शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, मैं आपसे पूछता हूं कि यह किसका चुनाव है आप मुझे बताए कि यह किसका चुनाव है। शाह ने इसका खुद ही जवाब दिया और बोले, यह मेरा और आपका, भाजपा के कार्यकर्ताओं का चुनाव है। मां भारती को शिखर पर पहुंचाने के लिए यह चुनाव है।
शाह ने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि एक चायवाला प्रधानमंत्री बन सकता है। मुझे मेरे पुराने दिन याद आते हैं जब मैं भी बूथ कार्यक्रम में जाया करता था। और एक छोटा सा पोस्टर लगाने वाला कार्यकर्ता आज भाजपा का अध्यक्ष है। किसी दूसरी पार्टी में ऐसा संभव नहीं।
शाह ने कहा कि आज भाजपा की 19 राज्यों में सरकारें हैं। हमारी पार्टी ने काफी संघर्ष किया है। हर कार्यकर्ता ने कड़ी मेहनत की है। शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी और वसुंधरा राजे की सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे आपका सिर शर्म से झुक जाए।
अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा हमसे पूछते हैं कि हमने ऐसा क्या किया जिससे राजस्थान की जनता हमें वोट दे। शाह ने कहा कि राहुल बाबा नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद जितने भी चुनाव हुए उनके परिणाम देख लीजिए आपका समझ आ जाएगा कि हमने क्या किया।
राहुल बाबा दिन में भी सपने देखते हैं। ऐसे सपने नहीं देखने चाहिए जो संभव नहीं है। इस मौके पर सांसद संतोष अहलावत, सुमेधानंद सरस्वती, केंद्रीय मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़, भाजपा प्रदेशाअध्यक्ष मनलाल सैनी, भाजपा के राजस्थान प्रभारी अविनाश राय खन्ना सहित कई नेता मौजूद थे।
पिछले 23 दिन में पांच बार आए शाहशाह पिछले 23 दिन में में राजस्थान में पांच दौरे कर चुके हैँ। यह उनका छठा दौरा होगा। शाह 11 सितंबर को जयपुर, 16 सितंबर को जोधपुर-पाली, 17 सितंबर को भीलवाड़ा और नाथद्वारा, 22 सितंबर को गंगापुर सिटी और कोटा, 26 सितंबर को धानक्या (जयपुर) आए थे। शाह राजस्थान चुनावों पर फोकस किए हुए हैं। पूरी कमान उन्हीं के हाथ में है।