जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए हैं । इससे पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा है । साथ ही बॉलीवुड इंडस्ट्री ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है । इसी कड़ी में शबाना आजमी और उनके पति गीतकार-लेखक जावेद अख्तर ने अपना कराची दौरा रद्द कर दिया ।

दरअसल, शबाना आजमी और जावेद अख्तर, कराची में शबाना के पिता और शायर कैफी आजमी के शताब्दी समारोह में शामिल होने वाले थे । दौरा रद्द करने के बाद ‘आर्ट्स काउंसिल ऑफ पाकिस्तान’ ने इन दोनों की निंदा की है ।
समाचार पत्र ‘द डॉन’ ने रविवार को काउंसिल के अध्यक्ष अहमद शाह के हवाले से लिखा, “शबाना ने जिस तरह से पाकिस्तान पर हमला किया, उन्होंने हद पार कर दी। यह तरीका एक सभ्य इंसान के लिए उचित नहीं है । झे शबाना आजमी के लिए दुख होता है कि उन्होंने उम्मीद खो दी है ।” ‘मैं उनकी आलोचना नहीं कर रहा लेकिन पुलवामा हमले के बाद बाद जिस तरह से उन्होंने निराशा जताई इससे मुझे वाकई बहुत दुख हुआ । इस समय शबाना आजमी बहुत निराश लग रही हैं ।”

काउंसिल 23-24 फरवरी को कैफी आजमी की जन्मशती मना रही है । इसमें पाकिस्तान और दुनिया के अन्य देशों के कई प्रसिद्ध कवियों और साहित्यिक हस्तियों को आमंत्रित किया गया था । श्रीनगर राजमार्ग पर सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमले के अगले दिन दोनों कलाकारों ने अलग-अलग ट्वीट कर इस कार्यक्रम को रद्द करने की घोषणा की थी ।
शबाना ने लिखा था, “इन सालों में पहली बार मुझे मेरा विश्वास कमजोर होता नजर आया है कि लोगों के बीच संपर्क होने से सत्ता प्रतिष्ठान को सही काम करने पर मजबूर कराया जा सकता है । हमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान रोकना होगा ।’
