पुलवामा हमले के बाद रविवार तक सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने वाले 15 लोगों के खिलाफ मामाल दर्ज किया जा चुका है। वहीं 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से रविवार को एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसने अपनी पोस्ट में आत्मघाती हमलावर आदिल अहमद डार की प्रशंसा की थी।
रवि प्रकाश मौर्या के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिजनौर के 22 वर्षीय युवक और मजफ्फरपुर के एक युवक के खिलाफ पाकिस्तान का समर्थन करने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के लिए मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक पूर्वी बंगलूरू से 20 वर्षीय इंजीनियरिंग ड्रॉपआउट फैज रशीद को गिरफ्तार किया गया है। उसने अपनी फेसबुक पोस्ट में आतंकी आदिल को कश्मीर का हीरो बताया था।
बिहार पुलिस ने दो युवकों मोहम्मद इमरान (19) को समस्तीपुर और मोहम्मद तौशिफ आलम (21) को कठिहार से गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने कथित तौर पर अपने फेसबुक और ट्विटर पर हमले से संबंधित राष्ट्र विरोधी पोस्ट किए थे।
राजस्थान के झुंझुनू जिले से समीर खान (19) नाम के युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसने हमले के बाद फेसबुक पर पोस्ट कर “पकिस्तान जिंदाबाद” लिखा था।

उसे सोमवार को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। जयपुर शहर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की द्वितीय वर्ष की चार कश्मीरी छात्राओं के खिलाफ रविवार को राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। इसके अगले दिन इंस्टीट्यूट ने इन्हें सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने के चलते सस्पेंड भी कर दिया।
शुक्रवार को चारों आरोपी लड़कियों तलवीर मंजूर, इकरा, जोहरा नजीर और उल्मा लायर ने कथित तौर पर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर जश्न मनाने की तस्वीर पोस्ट की थी और ये सभी पाकिस्तान समर्थित नारे भी लगा रही थीं।
शनिवार को बंगलूरू में नर्सिंग के तीन छात्रों वकार अहमत उर्फ हैरिस मसूर (19), गौहर मुस्ताक (21) और जाकिर मकबूल (23) को गिरफ्तार किया गया है। इन्होंने कथित तौर पर फेसबुक पर राष्ट्र विरोधी मैसेज पोस्ट किए थे। इन मैसेजों में ये सभी भारतीय सेना की निंदा कर रहे थे और आतंकी आदिल का समर्थन कर रहे थे। जब मामला एनआईए के ध्यान में आया तो उसके निर्देश पर इनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम 1967 के तहत मामला दर्ज किया गया।
असम के गुवाहाटी जिले में भी निजी कॉलेज के प्रोफेसर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलवामा हमले पर उसने भड़ाकऊ फेसबुक पोस्ट किया था, जिसमें उसने भारतीय सेना के बारे में बुरा भला कहा। तुरंत कार्यवाही करते हुए बैनर्जी को कॉलेज से सस्पेंड कर दिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।
हिमाचल की चितकारा यूनिवर्सिटी से शनिवार को कश्मीरी छात्र ताहसिन गुल को गिरफ्तार किया गया है। उसने आतंकी आदिल के प्रति सहानुभूति दिखाई थी। आरोपी गुल को शनिवार को कोर्ट सामने पेश किया गया और 28 फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
