
PATNA : जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश भर में कश्मीरी निशाने पर आ गए हैं. कई जगहों से कश्मीरियों के साथ मारपीट की खबर आ रही है. बिहार राजधानी में बीते शुक्रवार को लहासा मार्केट में कश्मीरी दुकानदारों से मारपीट की घटना हो गई थी. अब यह मामला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संज्ञान में आ चूका है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले में की जांच का आदेश सूबे के डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय को दिया है.

नीतीश कुमार ने डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को इस मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इस मामले में शामिल उन आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जायेगी, जिन्होंने शुक्रवार को लहासा मार्केट में घुसकर कश्मीरी दुकानदारों के साथ मारपीट की थी और दुकानें भी बंद कराई थी. लहासा मार्केट की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी. इस मामले में कश्मीरी दुकानदारों ने मीडिया से कहा था कि पुलवामा की घटना से वे भी आहत हैं. उन्होंने कहा कि हम सब भारतवासी हैं. बिहार से सैकड़ों लोग हर साल कश्मीर घूमने जाते हैं जो होटलों से ज्यादा हमारे घर पर रहन पसंद करते हैं. हमने भी पटना में कभी भेदभाव नहीं देखा.

गौरतलब हो की उपद्रवियों ने कश्मीरी दुकानदारों की पिटाई के बाद बिहार छोड़ने की चेतावनी दी है। इसके लिए 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद भी यदि दुकानें बंद नहीं होती हैं, तो अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। मौर्यालोक कॉम्प्लेक्स के पास ल्हासा मार्केट 35 साल से लग रहा है। अनंतनाग निवासी दुकानदार दीपावली के समय सितंबर-अक्टूबर में पटना आते हैं और 28 फरवरी को लौट जाते हैं। वसीर अहमद का कहना है कि इससे पहले कभी उनके साथ इस तरह की घटना नहीं हुई है।

गौरतलब है कि गुरुवार 14 फ़रवरी को कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले में 40 CRPF के जवान शहीद हुए थे. इसके बाद से ही बिहार सहित देश भर में कई जगहों पर रह रहे कश्मीरियों के साथ मारपीट और उनपर हमले की घटनाएं सामने आयीं हैं. पटना के लहासा मार्केट में हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया में बहुत वायरल हुआ है. देशभर के अलग-अलग हिस्सों से कश्मीरी लोगों पर हमले की खबरें सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को गाइडलाइन जारी की है.

गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कश्मीरी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है. इसी मामले में सीआरपीएफ ने ‘मददगार’ नाम से एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. कहा गया कि कश्मीर से बाहर रह रहे लोग शीघ्र सहायता के लिए 24 घंटे टोल फ्री नंबर 14411 या 7082814411 पर एसएमएस कर सकते हैं.