रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘गली ब्वॉय’ का बॉक्स ऑफिस पर कब्जा 5वें दिन भी बरकरार है। इस साल रिलीज हुई रणवीर सिंह की यह दूसरी फिल्म है जो कलेक्शन के मामले में अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है।
वीकेंड के बाद सोमवार को इस फिल्म के कलेक्शन में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है लेकिन बजट निकालने में यह फिल्म कामयाब हुई। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने सोमवार को कुल 8.50 करोड़ का कलेक्शन किया। यानी कि यह फिल्म अब तक 80 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। ‘गली ब्वॉय’ फिल्म का बजट 75 करोड़ के करीब था।

ऐसे में यह फिल्म बजट निकालकर अब कमाई की ओर बढ़ गई है। वीकेंड की अपेक्षा सोमवार के कलेक्शन में 35 फीसदी की गिरावट हुई। इस फिल्म के कलेक्शन में मंगलवार को ज्यादा इजाफा होने की उम्मीद है जिसकी वजह ‘शिवाजी जयंती’ का होना है। कुछ जगहों पर शिवाजी जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश रहता है जिससे इस फिल्म को सीधा फायदा मिल सकता है।

खास तौर पर महाराष्ट्र से। ‘गली ब्वॉय’ फिल्म के अब तक के कलेक्शन की बात करें तो पहले दिन 19.40 करोड़, दूसरे दिन 13.10 करोड़, तीसरे दिन 18.65 करोड़, चौथे दिन 21.30 करोड़ और पांचवें दिन 8.50 करोड़ कलेक्शन रहा। यानी कि अब तक यह फिल्म कुल 80.95 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।
