पिताजी और मेरे लिए लूटे जाते थे बूथ : कीर्ति आजाद

भाजपा में हाशिए पर रहे सांसद कीर्ति आजाद कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र बिहार के दरभंगा पहुंचे, तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उनका खूब स्वागत किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा की मौजूदगी में अपने समर्थकों में जोश भरते हुए कहा कि आप लोग मेरे लिए बूथ लूटा करते थे और मेरे पिताजी के लिए भी किया था।

दरभंगा में अपनी पहली सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह खांटी कांग्रेसी रहे हैं। न तो उन्हें कांग्रेस पार्टी में शामिल होने में कोई परेशानी हुई और न ही कांग्रेस को उन्हें अपनाने में, क्योंकि वे मूल रूप से कांग्रेस परिवार से ही हैं। लोगों में जोश भरते हुए कहा कि आप लोग मेरे पिताजी के लिए भी बूथ कब्जा करने का काम करते थे और साल 1999 में मेरे लिए भी किया था। तब बैलेट से चुनाव होते थे।

आजाद ने अपनी पत्नी पूनम आजाद को कांग्रेसी परिवार की बेटी बताते हुए कहा कि उस दौर में नागेंद्र बाबा (नागेंद्र झा) और डॉ साहब(जगन्नाथ मिश्र) के लिए बूथ लूटे जाते थे। मेरे पिता भागवत झा आजाद के लिए भी बूथ लूटा जाता था। 1999 में मेरे लिए भी लूटा गया था बूथ।

उन्होंने कहा कि 1998 के पहले यहां भाजपा से न तो कोई सांसद हुआ और न ही कोई संगठन था। मैंने पार्टी को सींचने का काम किया था। 26 वर्षों से उनका परिवार भटक गया था। लेकिन उनके डीएनए में कांग्रेस ही है। इसलिए फिर से अपने घर में हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.