बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से खाली कराए गए बंगले में मंगलवार को प्रवेश किया। तेजस्वी को पटना के एक पोलो रोड स्थित वह आवास आवंटित किया गया है जो पहले सुशील मोदी को दिया गया था। 5 देशरत्न मार्ग स्थित इस बंगले में प्रवेश के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह तो बिल्कुल सेवन स्टार होटल जैसा है।

सुशील मोदी ने इस बंगले को राज्यपाल के राजभवन और मुख्यमंत्री आवास से अधिक सुसज्जित बताते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे बंगले की सजावट और और सुविधाओं पर कम से कम 4-5 करोड़ रुपए खर्च किया गया होगा।

तेजस्वी यादव बिहार की पिछली महागठबंधन सरकार में डिप्टी सीएम रहे थे। जदयू के महागठबंधन से अलग होकर और भाजपा से गठबंधन कर जब प्रदेश में एनडीए की नई सरकार बनी, तो तेजस्वी को बंगला खाली करने का आदेश जारी किया गया था।
सरकार के आदेश के खिलाफ तेजस्वी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे और लगभग 18 महीने लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी थी। सुप्रीम कोर्ट ने बीते 8 फरवरी को उन्हें बंगला खाली करने का आदेश दिया था, जिसके बाद उन्हें बंगला खाली करना पड़ा।
