फिल्म पीएम नरेंद्र मोदी में अब एक और नामी कलाकार की धमाकेदार एंट्री हुई है। इस कलाकार को फिल्म में वही किरदार मिला है जिसे लेकर वह अपने पूरे करियर में टिप्पणियां पाते रहे हैं। ये कलाकार और फिल्म का किरदार हू-ब-हू एक जैसे दिखते भी हैं।
फिल्म निर्माता संदीप सिंह ने इस बायोपिक में मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का रोल करने जा रहे कलाकार के नाम का खुलासा किया है।

इसके साथ ही फिल्म की एक फोटो भी जारी की गई है, जिसमें यह कलाकार हू-ब-हू रतन टाटा जैसा दिख रहा है। यह कलाकार है हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के चोटी के कलाकारों में अपनी जगह बना चुके बोमन ईरानी। रतन टाटा की तरह वह भी पारसी हैं और इस रोल के लिए चयनित किए जाने पर बोमन ईरानी कहते हैं, ‘मुझे सोशल मीडिया पर तमाम कमेंट्स मिलते रहते हैं कि मैं रतन टाटा जैसा दिखता हूं और मैं सोचता रहता था कि अगर किसी दिन मुझे यही किरदार करने का मौका मिला तो ये मेरे करियर का बहुत खुशी वाला दिन होगा।
जब ओमंग कुमार, संदीप और विवेक ओबेरॉय ने मुझसे इस बारे में बात की तो मैंने तुरंत हां कर दी।’ बोमन ईरानी ने इसी हफ्ते से अपने इस किरदार की शूटिंग शुरू की है। फिल्म निर्माता संदीप सिंह कहते हैं, ‘मैं बोमन के साथ इससे पहले फिल्म शिरीन फरहाद की तो निकल पड़ी कर चुका है

उस समय बोमन अपने निर्देशन में बन रही फिल्म में काफी व्यस्त थे लेकिन तब भी उन्होंने उस फिल्म के लिए हां कहने में देर नहीं लगाई थी। अब एक बार फिर हमारा रिश्ता इस फिल्म के जरिए बना है।बोमन बहुत ही समर्पित कलाकार हैं और किसी एक शॉट को देने से पहले वह इतना रिहर्सल करते हैं कि टेकिंग बहुत आसान हो जाती है।’
