वेब सीरीज में ऑपरेशन कोबरा की गिनती सबसे नीचे के पायदान पर हो सकती है

मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों यूं लग रहा है कि जैसे ओटीटी सीरीज की रेस शुरू हो चुकी है। थोक के भाव सीरीज बन रही हैं और जिसको जो मिल जा रहा है, विदेशी वेब सीरीज से उठाकर हिंदुस्तानी दर्शकों को चेप दे रहा है।

लेकिन ये ओटीटी प्लेटफॉर्म ये नहीं सोच पा रहे कि बीते साल जिन दर्शकों ने शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान की फिल्मों को दो कौड़ी का साबित कर दिया, उनके सामने नए चेहरों को लेकर बनी इन फास्टफूड जैसी वेब सीरीज कहां टिकेंगी भला? इंटरनेशनल कंपनी ईरॉस को अपने शेयर भाव टिकाए रखने के लिए झोला भर भरकर कंटेंट चाहिए।

शेयर बाजार से पैसा उठाने वाली कंपनी के साथ दिक्कत यही होती है कि उसे अपने शेयर धारकों से किए वादे को पूरा करने के लिए एक तय संख्या में कंटेंट बनाना ही होता है और जब कंटेट बनाने का पैमाना कहानी नहीं शेयर भाव हो तो फिर ऑपरेशन कोबरा जैसी सीरीज ही बन सकती है।

Operation Cobra

मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हाल के दिनों में बनी वेब सीरीज में ऑपरेशन कोबरा की गिनती सबसे नीचे के पायदान पर हो सकती है। सीरीज में स्पेशल इफेक्ट्स पर ही पूरा दारोमदार है और सीरीज की सबसे कमजोर कड़ी यही है।

एक विदेशी आतंकी संगठन से भिड़ते एक रॉ एजेंट की कहानी बनाने वालों को ये भी नहीं पता है कि रॉ का काम क्या है और इसमें काम करने वाले फील्ड में रहते कैसे हैं? ये अमेरिका की एफबीआई नहीं है। सुरक्षा और फर्ज जैसी हिंदी फिल्मों के दौर की दिखती इस वेब सीरीज में कुछ भी ऐसा नहीं है कि आप इसका एक एपीसोड भी बिना कसमसाए देख सकें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.