Press Here To Subscribe on Youtube

MUZAFFARPUR (ARUN) : अपराध पर नकेल कसने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना द्वारा की गयी कार्रवाई में 10 नशेड़ी अपराधियों को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. एसएसपी ने बताया कि बरामद हथियार का हाल में बैरिया बस स्टैंड में हुए कुंदन हत्याकांड में इस्तेमाल किया गया था.

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी मनोज कुमार ने बताया कि सदर थानाध्यक्ष को गुप्त सुचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज चौक के पास अपराध की घटना को अंजाम देने हेतु 10-12 अपराधी एकत्रित हैं. इस मामले में सदर थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को सूचना दी. सुचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सदर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस टीम का गठन कर एसआईटी टीम के साथ उक्त स्थल पर घेराबंदी कर छापेमारी की गयी. इस बीच पुलिस को देख कर सभी अपराधी भागने लगे. पुलिस बल और एसआईटी टीम ने घेराबंदी करते हुए 10 अपराधियों को धर दबोचा.

गिरफ्तार अपराधियों के पास से तलाशी के दौरान गत 01 फरवरी को हुए अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड में बस संवेदक कुंदन सिंह की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद हुई, जो एक अपराधी के भागने के दौरान गिर गया था. अपनी स्वीकारोक्ति बयान में अपराधियों ने बताया कि बैरिया में गोलीबारी होने के उपरांत भाग रहे एक अपराधी के पास से पिस्तौल गिर गया था, जो इनलोगों के ग्रुप के किसी सदस्य ने चुपके से उठा लिया था. उनके बयानों की सत्यता की जांच की जा रही है.

एएसएसपी श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधियों के बयानों की पुष्टि की जा रही है की इनमे से किसी की भी संलिप्तता बैरिया बस स्टैंड में हुयी कुंदन सिंह की हत्या में रही है या नहीं. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में एक सौरव कुमार उर्फ़ राजा कई मामलों में वांछित रहा है तथा उसपर 302 के तहत आपराधिक मामला भी दर्ज है. अपराधियों के पास से बरामद स्मार्टफोन में गांजा, स्मैक पीते हुए कई विडियो है और साथ ही हथियारों के जखीरों के साथ कई युवकों की तस्वीरें मिली है. प्रशासन की साइबर सेल द्वारा जप्त मोबाइल की भी जांच कराई जाएगी, जिससे कई छुपे राज बाहर आने की सम्भावना एसएसपी न जतायी.

मिली तस्वीरों के आधार पर पुलिस इस ग्रुप के और हथियारों की बरामदगी हेतु छापेमारी कर रही है और तस्वीरों के आधार पर कार्रवाई कर इनके ग्रुप के अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु प्रयासरत है. उन्होंने बताया कि पकड़े गए सभी नवयुवक है, नशा करते हैं और यंगस्टर गैंस्टर बनने की राह पर अग्रसर थे, जो आगे चलकर समाज के लिए खतरा साबित हो सकते हैं. कई कांडों में इनकी संलिप्तता रही है. एसएसपी श्री कुमार ने बताया कि सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रो के वंचितों और बाईकर गैंग के सदस्यों की सूचि बना कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे. काफी हद तक उस लिस्ट के आधार पर अपराधियों को पकड़ने में मदद मिली है.

छापेमारी के दौरान अपराधियों के पास से एक देशी लोडेड पिस्तौल, 9 एमएम का 02 राउंड जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर की ग्लेमर मोटरसाइकिल, एक हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल, एक ओप्पो का स्मार्टफोन बरामद करते हुए अहियापुर थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर निवासी सौरव कुमार उर्फ़ राजा, कालिया उर्फ दीपक, विशाल कुमार उर्फ़ ननका, रूपेश कुमार उर्फ़ डिंडा, राहुल कुमार, बैरिया बैकुण्ठपुरी निवासी आदर्श कुमार, अखाड़ाघाट गायत्री मंदिर निवासी निखिल कुमार, बैरिया निवासी अभिषेक कुमार, काँटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर हाउसिंग बोर्ड निवासी विनय कुमार और मीनापुर थाना क्षेत्र के खेमाईपट्टी निवासी राज किशोर कुमार समेत 10 युवकों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस सभी का अपराधिक इतिहास का पता करते हुए छानबीन में जुटी है.
