MUZAFFARPUR : एसएसपी ने किया पुलिस बस सेवा का शुभारंभ

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में आज तिरहुत प्रक्षेत्र के आईजी नैयर हसनैन खान के निर्देशानुसार एसएसपी मनोज कुमार ने नि:शुल्क पुलिस बस सेवा की शुरुआत हरी झंडी दिखाकर की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देर रात गए जंक्शन पर उतरने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जिले में यह पहल शुरू की गई है।

सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में पुलिस बस सेवा के अंतर्गत रेलवे स्टेशन व उसके आसपास के यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी मुजफ्फरपुर पुलिस की होगी। पुलिस बस सेवा का पारिचालन मुजफ्फरपुर जंक्शन से रात्रि 11:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक किया जायेगा। यह बस मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से ब्रह्मपुरा, बैरिया, जीरोमाइल, झपहां, बखरी मोड़ होते हुए पुनः जीरोमाइल सिकंदरपुर ओपी, बांध रोड होते हुए जेल रोड मोड़ से मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यह बस आवश्यकतानुसार मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से उपर्युक्त रूटों पर यथासंभव फेरा लगाएगी, और शहर के 64 किलोमीटर दायरे में यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी।

मुजफ्फरपुर जंक्शन से पुलिस बस सेवा की शुरुआत होते ही लगभग ढाई दर्जन यात्रियों ने बस सेवा का लाभ उठाया और सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंचे। यात्रियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए खुशी जताई है। कुछ यात्रियों ने कहा पुलिस की इस पहल से अब देर रात को रेलवे स्टेशन उतरने वालों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में लूट और छिनतई जैसी घटना का भय नहीं सताएगा और वे सुरक्षित घर पहुँच सकेंगे। देर रात गये एसएसपी स्वयं इसका मुआयना करने रेलवे स्टेशन पहुँचे।

गौरतलब हो कि इस सेवा की शुरुआत शनिवार को की जानी थी पर मोतीपुर में दो पुलिसकर्मियों की दुखद सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने की वजह से इस सेवा की शुरुआत रविवार को की गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.