
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर जिले में निशुल्क पुलिस बस सेवा की शुरुआत करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने जिले वासियों को एक और सौगात दी है।
उन्होंने मुजफ्फरपुर जिले के शहरी क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु चार अश्व मोबाइल नामक एक सुरक्षा दल का गठन किया है। आधुनिक तकनीक व सुविधाओं से सुसज्जित इस वाहन में एक वरीय पदाधिकारी सीआईएटी प्रशिक्षित सिपाही, 2 महिला सिपाही, एक वरिष्ठ सिपाही या हवलदार व एक चालक होगा। अश्व मोबाइल नामक वाहन में तैनात सभी सिपाहियों के पास उनके व्यक्तिगत हथियार, दंगा निरोधी उपकरण के साथ ही वायरलेस सेट से सुसज्जित होगा।

उक्त वाहन में जीपीएस सिस्टम (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) युक्त हैं जिससे वरीय अधिकारी मॉनिटरिंग करते रहेंगे और इस बात की जानकारी लेते रहेंगे कि उक्त वाहन की जरूरत किस स्थल पर है और वह मौजूदा समय में किस स्थल पर उपस्थित हैं। वर्तमान में चार अश्व मोबाईलों को चार अलग-अलग रूटों की 16 संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्ति की गई है, जो काफी हद तक अपराध नियंत्रण की दिशा में सफलता प्राप्त करेंगे।

एसएसपी ने बताया कि वर्तमान में अभी 4 अश्व मोबाइलों की तैनाती की गई है जिसमे अश्व मोबाइल नम्बर एक बैरिया, जरन छपरा, सरैयगंज टावर और बनारस बैंक चौक की ओर प्रतिनियुक्त रहेंगे, वहीं अश्व मोबाइल नंबर दो जो भगवानपुर गोबरसही, माडी़पुर पुल और मोतीझील पुल की कमान संभालेंगे।
अश्व मोबाइल नंबर तीन बनारस बैंक चौक से पानी टंकी चौक होते हुए मिठनपुरा चौक और अघोरिया बाजार चौक की ओर राउंड लगायेंगे और अश्व मोबाइल नंबर चार अघोरिया बाजार चौक से कलमबाग चौक से होते हुए लेनिन चौक और माड़ीपुर चौक में मुस्तैद रहते हुये राउण्ड लगाते रहेंगे।

एसएसपी श्री कुमार ने कहा कि परिचारी प्रवर यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी अश्व मोबाइल में उपर्युक्त संसाधन हमेशा उपस्थित रहें व किसी भी कर्मी के अनुपस्थित रहने या अवकाश पर जाने की स्थिति में उसकी जगह 1 दिन पूर्व ही उक्त पद पर किसी अन्य की प्रतिनियुक्ति कर दी जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है की अश्व मोबाइल प्रतिदिन रात्रि 9:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक निर्धारित क्षेत्र में मुस्तैदी से चक्कर लगाते रहेंगे और निर्धारित पॉइंट पर रहकर संदिग्ध लोगों, ट्रिपल सवार वाहनों एवं संदेहास्पद वाहनों की सख्ती से चेकिंग करेंगे। किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित थाना से संपर्क कर कार्रवाई करेंगे। अश्व मोबाइल को निर्देश दिया गया है की निर्धारित स्थलों का कम से कम तीन बार चक्कर लगाएंगे।
जांच के लिए अश्व मोबाइल पर तैनात पुलिसकर्मी ट्रॉली का प्रयोग करेंगे। एसएसपी द्वारा निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुये संबंधित थाना की गश्ती दल से संपर्क स्थापित कर उनकी सक्रियता सुनिश्चित करते हुये आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाना के सहयोग से छापेमारी आदि अभियानों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
एसएसपी ने बताया कि अश्व मोबाइल आधुनिक हथियारों और दंगा निरोधी उपकरण से सुसज्जित है जो किसी भी स्थिति का सामना करने को तत्पर रहेगी।
अश्व मोबाइलों पर तैनात पुलिसकर्मियों से एसएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा की तैनाती क्षेत्र में राउण्ड लगाते हुए किसी भी स्थानीय आमजन को किसी प्रकार की मदद की आवश्यकता हो तो वह उन्हें यथासंभव त्वरित मदद करेंगे और इस संबंध में संबंधित थाना और अपनी वरीय पदाधिकारियों को भी अवगत कराएंगे।
एसएसपी ने स्पष्ट लहजे में कहा की तैनाती क्षेत्र में अगर किसी भी प्रकार की अपराधिक घटना हुई इसकी जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र में भ्रमण शील अश्व मोबाइल की होगी और उन पर कड़ी विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी, इसलिए सभी अश्व मोबाइल कर्मी अपने-अपने क्षेत्र में किसी प्रकार की कोई आपराधिक वारदात ना होने दें।