पुलवामा हमले के बाद जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35 ए पर शुरू हुई बहस और इसे हटाए जाने की मांग के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि वह इस मुद्दे पर सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं बोल सकते और ना ही इस मुद्दे पर सरकार के रुख के बारे में उन्हें कोई जानकारी है।
एक समाचार चैनल के कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर से 370 या 35 ए हटाए जाने पर केंद्र सरकार के संभावित कदम के बारे में उनसे सवाल किया गया था। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह तो सरकार का काम है। मैं संगठन का आदमी हूं, संगठन का काम करता हूं।
वहीं, बाबा रामदेव ने भी इस मुद्दे पर अमित शाह का बचाव करते हुए कहा कि जो संविधान के मूल के ही खिलाफ है, उसके प्रति देश में एक माहौल तो बने। लोग चर्चा तो शुरू करें, इसे मुद्दा तो बनाएं, बाकी रहा सहा काम सुप्रीम कोर्ट और मोदी जी कर देंगे।

अमित शाह ने कहा कि हमने धारा 370 का मुद्दा नहीं छोड़ा है, इस मुद्दे पर आम राय नहीं बन पाई है। 370 और 35A अब भी हमारे एजेंडा में है। हां यह सच है कि जो माहौल बनाना चाहिए था, वो नहीं बन पाया है।
राम मंदिर के सवाल पर अमित शाह ने कहा राम मंदिर का मुद्दा हम नहीं टाल रहे बल्कि कांग्रेस टाल रही है। राहुल गांधी और उनके गठबंधन के साथी बता दें कि वे राम मंदिर के फैसले के पक्ष में है या नहीं? हमने तो साफ कर दिया है कि राम मंदिर बने और भव्य बने।
सुप्रीम कोर्ट में जब कोई मामला लंबित है तो उस पर कोई अध्यादेश नहीं लाया जा सकता है। 370 हो, राम मंदिर हो, कॉम सिविल कोड हो ये सब हमारे प्राण से प्रिय मुद्दे हैं, ये सब होगा, सरकार को थोड़ा समय दीजिए।
