MUZAFFARPUR : एसएसपी ने पुलिस बस सेवा का लिया जायजा, मजदूर बन पत्नी के साथ किया सफर

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार द्वारा देर रात गये गश्त पर निकलना, पुलिस की गश्ती गाडियों का निरीक्षण, रात्रि में बाईक से शहर भ्रमण तो होता ही रहता है। जिलावासियों की सुरक्षा के मद्देनजर बीते दिनों एसएसपी की पहल पर शुभारंभ हुई चार अश्व मोबाईल सेवा और जोनल आईजी नैयर हसनैन खान के निर्देश पर देर रात यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाने की जनकल्याणकारी ‘निःशुल्क पुलिस बस सेवा’ का औचक निरीक्षण करने सोमवार की देर रात गये एसएसपी मनोज कुमार अपनी पत्नी चेतना त्रिपाठी के साथ निकल पडे़।

एसएसपी बिना किसी लाव लश्कर के बिना किसी सुरक्षाकर्मियों के पत्नी श्रीमती त्रिपाठी के साथ मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुँच कर चुपचाप प्लेटफॉर्म पर जा बैठे और जैसे ही ‘पुलिस बस सेवा’ की बस रेलवे स्टेशन पहुँची वे उसमें सवार हो गये। बस चल पडी़ और अपने निर्धारित रुट चार्ट के अनुसार इमलीचट्टी, जूरन छपरा होते हुये जीरोमाईल की ओर बस में उपस्थित सुरक्षाकर्मियों के साथ गतिशील थी।

मजे की बात यह रही कि मजदूर जैसे गेटअप में अपने जिला के पुलिस कप्तान को न तो बस के चालक न सुरक्षाकर्मी ही पहचान सके। यहाँ तक की रोज अखबारों, टीवी चैनलों और दिन भर सोशल मीडिया में नजरें गडा़ये रखने वाली शहर की कोई आम जनता ही पहचान सकी। पर इस बीच मीडियाकर्मियों को एसएसपी साहब की इस योजना का पता चल गया। बस फिर क्या था, बस के रुकते ही फ्लैश चमकने लगे। मीडियाकर्मियों ने बस को लगभग घेर ही लिया।

अब चौंकने की बारी बस के चालक और बस में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों की थी। लम्बे-लम्बे सैल्यूट मार कर पुलिसकर्मियों ने पुलिस कप्तान को सलामी दी। बस के कुशलतापूर्वक संचालन, सतर्कता और सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिलाओं और वृद्धजनों का विशेष ख्याल रखे जाने की एसएसपी ने तारीफ करते हुये कहा कि बस का पारिचालन कुशल ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने बस से उतरकर अच्छे कार्य के लिए बस टीम को प्रोत्साहित किया और कहा कि औचक निरीक्षण में बस सेवा के पुलिसकर्मी पास हो गये। इस दौरान मीडियाकर्मियों से कना कि इस तरह के निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में मुस्तैदी रहती है और उनका उत्साहवर्द्धन भी होता रहता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.