
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर में पुलिस सप्ताह-2019 से समापन के अवसर पर तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आई जी नैय्यर हसनैन खान ने वार्षिक पारितोषिक वितरण कार्यक्रम के दौरान जोनल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और उपब्धियां हासिल करने वाले मुजफ्फरपुर जिला के 46 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ ही तिरहुत जोन के 81 पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस जवानों की हौसला अफजाई करते हुए प्रशस्ति पत्र के साथ-साथ नगद राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया गया.
मुजफ्फरपुर में पुलिस लाइन में आयोजित ज़ोनल लेवल पुरस्कार वितरण समारोह में आईजी श्री खान ने गत 6 फरवरी को सदर थाना क्षेत्र के भगवापुर स्थित मुथूट फाइनेंस कंपनी में हुई 10 करोड़ का सोना लूटकांड का 72 घंटे में सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम सहित उत्कृष्ट व उम्दा कार्य करने वाले 46 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को चालक की हत्या कर सरिया लदा ट्रक लूटकांड, स्टेट बैंक डकैती, गृह डकैती का सफल उदभेदन, मध्य प्रदेश के अपहृत व्यवसायी और विक्की कुमार की सकुशल बरामदगी, नक्सली कमलेश भगत की गिरफ़्तारी, अलग-अलग मामलों में 56 अपराधियों की गिरफ्तारियां, अपराधियों के पास से हथियारों को सकुशल बरामदगी, मुथूट फाइनेंस कंपनी के लूटे गए सोने में से 18.604 किलोग्राम सोना, विभिन्न कांडों में बरामद स्वर्णाभूषण व जेवरात, के साथ ही आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किये गए दो स्कूटी, 01 बोलेरो, 01 मारुति जेन कार, 01 आई 10 कार, 01 टेम्पू, 01, टाटा सूमो वाहन की जप्ती के लिए पलिस उपाधीक्षक एवं वरीय स्तर के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुलिस निरीक्षक व इसके नीचे रैंक के पुलिस पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों को उनके बेहतर कार्य करने और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए प्रशस्ति पत्र के साथ ही नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गयी. मुजफ्फरपुर जिले के 7 पुलिस निरीक्षकों, 20 अवर निरीक्षकों, 03 सहायक अवर निरीक्षकों और 01 सिपाही के बीच कुल 78,500/- रुपये नगद राशि प्रदान की गयी.

तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आई जी नैय्यर हसनैन खान द्वारा तिरहुत प्रक्षेत्र के वैशाली जिला पुलिस बल के 06 पुलिस निरीक्षक, 09 अवर निरीक्षकों और 18 सिपाही समेत 33 पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ 67,500/- रुपये की नगद राशि प्रदान की, वही सीतामढ़ी जिला पुलिस बल के 01 पुलिस निरीक्षक, 03 अवर निरीक्षकों और 03 सिपाही समेत 07 पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र के साथ 09,500/- रुपये की नगद राशि प्रदान की.
जोनल आई श्री खान ने पश्चिमी चम्पारण के बेतिया जिला पुलिस बल के 02 अवर निरीक्षकों और 04 सिपाही समेत 06 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के बीच प्रशस्ति पत्र के साथ 11,000/- रुपये की नगद राशि और पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी जिला पुलिस बल में शामिल 03 पुलिस उपाधीक्षक, 03 पुलिस निरीक्षक, 15 अवर निरीक्षकों और 14 सिपाही समेत 35 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के बीच प्रशस्ति पत्र के साथ कुल 65,000/- रुपये की नगद राशि प्रदान करते हुए करते हुए समारोह में उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए भविष्य में और अधिक उत्साह, लगन, मनोयोग और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने को प्रेरित किया.

मौके पर मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने भी जिला पुलिस बल में शामिल 64 हवलदारों और सिपाहियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र के साथ ही नगद पुरस्कार से सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि इनके बढे हौसले और कर्तव्यनिष्ठा के सहयोग के कारण ही पुलिस को कई सफलताएं प्राप्त होती है. इनका कार्य के प्रति समर्पण और सहयोग अपेक्षित है.

इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारम्भ में परेड द्वारा तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक को सलामी दी गयी और सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में परेड का संचालन किया गया. वार्षिक पारितोषिक वितरण कार्यक्रम के दौरान समारोह में जोनल आई जी नैयर हसनैन खान के अलावा, पुलिस उप महानिरीक्षक रविंद्र कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर नीरज कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) विमलेश चंद्र झा, पुलिस उपाधीक्षक (नगर) मुकुल रंजन, पुलिस उपाधीक्षक (पूर्वी) गौरव पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक (पश्चिमी) कृष्ण मुरारी प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सरैया) डॉ. शंकर झा, क्यूआरटी प्रभारी आर पी गुप्ता समेत मुजफ्फरपुर के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे.
