फिल्म सोनचिड़िया डाकुओं की दुनिया को दर्शकों के सामने एक नई तरीके से पेश करती है

सोनचिड़िया फिल्म डाकुओं की दुनिया को दर्शकों के सामने एक नई तरीके से पेश करती है। यह फिल्म डाकुओं की जिंदगी को लेकर हिंदी सिनेमा के दर्शकों का नजरिया बदलने का दम रखती है। आरएसवीपी मूवीज ने साल की शुरूआत में ही उरी जैसी फिल्म बनाकर यह साबित किया कि अच्छी कहानियां कारोबारी कामयाबी का नया फॉर्मूला हैं।

सोनचिड़िया आरएसवीपी मूवीज की इस धारणा को और मजबूत करती है। फिल्म सोनचिड़िया की कहानी डाकू मान सिंह के गैंग कहानी है। गिरोह के सारे लोग उसे दद्दा कहते हैं, शायद पूर्व दस्यु मलखान सिंह इसी भ्रम में इस फिल्म की कहानी को अपनी कहानी मान बैठे हैं और अदालत तक जा पहुंचे हैं।

फिल्म का दद्दा धर्म और भगवान में विश्वास करता है। सब उसका आदर भी करते हैं। गिरोह में लखना और वकील सिंह का संघर्ष है। तीस-चालीस साल पहले एक युवती का अपने ससुरालवालों से विद्रोह है।

हिंदी सिनेमा में नंबर चार और नंबर पांच के लिए चल रही लड़ाई में सुशांत सिंह राजपूत कड़े संघर्ष में रहे हैं और विकी कौशल के साथ मुकाबले में यह फिल्म उनकी मदद करने वाली है। सुशांत की अदाकारी में दमखम है। अपने काम को लेकर उनकी थोड़ी सी और गंभीरता उनको चोटी के तीन सितारों में भी पहुंचा सकती है, इस फिल्म से ये बात साबित होती है।

Son Chiriya

आमतौर पर शहरी किरदारों में दिखते रहे रणवीर शौरी ने वकील सिंह के किरदार में सबको चौंका दिया है। इस फिल्म के लिए उनको बेस्ट विलेन के खूब अवार्ड्स मिलने वाले हैं। भूमि पेडनेकर का तो कहना ही क्या, वह फिल्म दर फिल्म खुद को मांज रही हैं, और उनकी चमक सोनचिड़िया से और निखरी है।

मनोज बाजपेयी फिल्म में ज्यादा देर के लिए नहीं हैं, पर जितना भी हैं, असर छोड़ते हैं। आशुतोष राणा को जो कहा गया, उतना उन्होंने सलीके से कर दिया है। तकनीकी तौर भी सोनचिड़िया काफी मजबूत है।

अनुज राकेश का कैमरा फिल्म शुरू होते ही दर्शकों को कहानी का हिस्सा बनाने में कामयाब रहता है। मेघना सीन ने एडिटिंग टेबल पर अभिषेक और अनुज की मेहनत को इज्जत बख्शी है।

Sonchiriya

फिल्म की कमजोर कड़ी इसका संगीत है लेकिन डाकुओं के जीवन में पैदल भागते फिरते वैसे भी रस बचता कहां है, फिर भी मामे खान को बागी रे गाने में सुनना अच्छा लगता है।

अभिषेक चौबे इस फिल्म के साथ अपने उस्ताद विशाल भारद्वाज से दो कदम आगे के निर्देशक बन चुके हैं। विशाल को भी इस बात का गर्व जरूर होगा। अमर उजाला डॉट कॉम के वीकली रिव्यू में फिल्म सोन चिड़िया को मिलते हैं चार स्टार।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.