रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि पाकिस्तान में हवाई हमले और आम चुनाव 2019 के बीच कोई ताल्लुक नहीं है। रक्षामंत्री का बयान इसलिए अहम है क्योंकि विपक्ष सरकार पर आरोप लगा रही है कि बालाकोट में हुई भारतीय कार्रवाई को भाजपा लोकसभा चुनाव में अपने पक्ष में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है।

सीमारमण ने कहा, “हवाई हमले और चुनावों के बीच कोई संबंध नहीं है। यह भारत पर हमले के लिए पाकिस्तान में जारी आतंकवादी गतिविधियों की खुफिया जानकारी पर आधारित था। यह सैन्य कार्रवाई नहीं थी।” बता दें कि मंगलवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री पर ट्वीट कर निशाना साधा।

सिंह ने लिखा, “आप, आपके वरिष्ठ नेता और आपकी पार्टी सेना की सफलता को जिस प्रकार से भाजपा केवल अपनी सफलता साबित कर चुनावी मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं वह हमारे देश के सुरक्षा कर्मियों की बहादुरी और समर्पण का अपमान है। देश का हर नागरिक भारतीय सेना और समस्त सुरक्षा कर्मियों का सम्मान करता है।”