
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : होली और लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले भर में विशेष तलाशी सह जांच अभियान चलाया जा रहा है. वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने शहर में अपराध नियंत्रण की दिशा में चारों पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में शहर की सुरक्षा जिम्मेवारी सौंपी है साथ ही जिले में अत्याधुनिक उपकरणों से लैस चार अश्व मोबाइल की नवीन शुरुआत भी की है, जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं.
बीती देर रात सूचना के आधार पर ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक पर सघन चेकिंग अभियान चला कर तीन यात्री बसों से एक करोड़ 12 लाख 50 हज़ार रुपये बरामद करते हुए तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना आयकर विभाग से सूचना प्राप्त हुई थी की कुछ व्यक्ति मुजफ्फरपुर से होते हुए रक्सौल जा रहे हैं, जिनके पास भारी मात्रा में नगद रुपये हैं. सूचना मिलते ही सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में डीआइयू के अधिकारी को शामिल कर पुलिस टीम ने ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के समीप रक्सौल की ओर जाने वाली बसों की तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग बसों में तीन बैग में रखे 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार नगद रुपये को जप्त करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. बरामद रुपयों से संबंधित साक्ष्य मांगे जाने पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाये.

एक व्यक्ति पटना का व दो व्यक्ति पूर्वी चम्पारण के घोड़ासहन और मोतिहारी निवासी बताये जा रहे हैं. गिरफ्तार तीनों व्यक्तियों से अन्वेषण ब्यूरो (आईबी), आयकर विभाग, खुफिया विभाग, डीआईयू के अधिकारियों समेत अन्य जाँच एजेंसियों द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है.

वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने इस संबंध में बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार तीन व्यक्तियों में एक ने खुद को बीरगंज (नेपाल) का व्यवसायी बताया और अन्य दो व्यक्ति संवाहक (कैरियर) हैं जो कुछ रुपयों के लालच में रुपयों को गंतव्य तक पहुँचाने का काम करते हैं.

उन्होंने कहा कि पकड़े गए एक व्यक्ति ने बताया की वह पटना से विगत तीन माह से अपने आका के बताये गये पते पर रुपये पहुँचाने का धंधा कर रहा है। उसे पटना से रक्सौल रुपया पहुँचाने के प्रत्येक खेप के लिए 500 रुपये तथा प्रति लाख पर 50 रुपया कमीशन मिलता है. अभी तक वह बारह बार पटना से रक्सौल सकुशल पैसा पहुँचा चुका है. प्रत्येक खेप में 15 से 20 लाख रुपये होते हैं जो रक्सौल में बताये गये पते पर पहुँचाने होते हैं.
दूसरे व्यक्ति ने बताया की वो डेढ़ माह से इस काम से जुडा़ है. 12 हज़ार रुपये वेतन और प्रत्येक खेप में एक हज़ार रुपए तथा खाना व रास्ता ख़र्चा अलग से मिलता है. अभी तक मुज़फ़्फ़रपुर से 3 बार और सीतामढ़ी से एक बार, कुल 60 लाख रुपया पहुँचा चुका है. इस बार पटना से पहली बार 65 लाख रुपया रक्सौल ले जा रहा था. तीसरे व्यक्ति ने खुद को बीरगंज (नेपाल) का व्यवसायी बताया.

पुलिस गिरफ्त में आये तीनो व्यक्तियों ने पूछताछ में कई लोगों के नाम बताये हैं जिसके आधार पर सत्यापन कर पुलिस जाँच पड़ताल करते हुये छापेमारी में जुटी है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मामले में पटना, रक्सौल, सीतामढी़ समेत मुजफ्फरपुर से भी अभी कई बड़ी गिरफ्तारियाँ होनी संभव हैं। अनुसंधान प्रभावित न हो, इसलिये किसी के नाम का खुलासा नहीं किया जा रहा है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि बरामद रुपये हवाला के हो सकते हैं, चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए ले जाये जा रहे थे या देशविरोधी गतिविधियों के लिये किसी आतंकी संगठन के थे।

गिरफ्तार व्यक्तियों में एक ने पटना के अलावा सीतामढी़ समेत मुजफ्फरपुर से भी पैसे रक्सौल पहुँचाने की बात जाँच एजेंसियों और पुलिस के समक्ष स्वीकारी है। जाहिर है बरामद रुपयों के तार पटना, रक्सौल के अलावा सीतामढी़ और मुजफ्फरपुर से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस और अन्य जाँच एजेंसियाँ जमीन खोदकर जडे़ तलाशने में जुटी हैं कि यह कहाँ तक फैली है।

खुफिया विभाग की सूचना पर जाँच एजेंसियाँ रक्सौल में आतंकी व देशविरोधी गतिविधियों के लिये आतंकी संगठन या नेपाली माओवादियों को पोषित करने सबंधी एंगल पर भी जाँच कर रही है. गौरतलब हो कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र पिछले एक दशक से आतंकियों की गतिविधि का केन्द्र रहा है. पड़ोसी देश नेपाल के रास्ते भारत विरोधी संगठन के आतंकी देश में दहशत पैदा करने की साजिश करते रहे है।
इसलिये सवाल लाजमी है कि आखिर कौन है वो शख्स जो पटना, सीतामढी़ और मुजफ्फरपुर से इतनी बड़ी रकम कूरियर मैन के हाथों रक्सौल भेज रहा है। और क्यों? क्या मंशा है। सारे पैसे रक्सौल ही क्यों भेजे जा रहे हैं। तमाम ऐसे सवाल हैं जो अनुसंधान उपरांत ही साफ हो सकेंगे।

इस बीच पुलिस की इस बड़ी उपलब्धि पर तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नगद रुपये बरामदगी मामले में पुलिस टीम को रिवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित करने की घोषणा की है.