देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया में बेटे आकाश की शादी का जश्न चल रहा है। आकाश 9 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त श्लोका मेहता के साथ शादी रचाएंगे। इससे पहले अंबानी परिवार ने महाशिवरात्रि के मौके पर घर में भव्य पूजा का आयोजन किया। इसके लिए शिवलिंग स्थापित की गई। बेटे की शादी के जश्न के बीच अंबानी परिवार देश के जवानों को याद करना भी नहीं भूला ।
पूरे परिवार ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी । शिवलिंग के साथ एक ओर बंदूक और एक ओर तिरंगा बनाया गया । इस फंक्शन में भजन गाने के लिए सिंगर श्रेया घोषाल को बुलाया गया। इसके अलावा इंडियन आइडल के विनर सलमान अली भी एंटीलिया में परफॉर्म करने के लिए पहुंचे थे ।

पूजा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बता दें कि इससे पहले आकाश और श्लोका का प्रीवेडिंग सेलिब्रेशन स्विट्जरलैंड में तीन दिन तक चला था । यहां बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों ने शिरकत की थी ।इस पार्टी में अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा, रणबीर कपूर, आमिर खान, शाहरुख खान, गौरी खान, आलिया भट्ट, हरभजन सिंह, युवराज सिंह, और करण जौहर जैसे बड़े सितारे पहुंचे थे।
अब शादी के लिए अंबानी परिवार का घर राधा-कृष्ण थीम पर सजा है । एंटीलिया की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं । आकाश की बारात 9 मार्च को दोपहर 3.30 बजे निकलेगी। जियो वर्ल्ड सेंटर में शाम 7 बजे से विवाह की रस्में होगी। 10 मार्च को शादी का जश्न होगा। 11 मार्च को भी अंबानी-मेहता परिवार जियो सेंटर में रिसेप्शन देंगे। शादी में देश-विदेश से हस्तियां पहुंचेंगी ।
