नीता और मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी और मोना और रसेल मेहता की बेटी श्लोका मेहता जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। 9 मार्च से लेकर 11 मार्च तक मुंबई में होने वाली शादी के दौरान कई कार्यक्रम होंगे। शादी से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत बुधवार को मुंबई में ‘अन्न सेवा’ से हुई। प्री-वेडिंग और वेडिंग के तमाम कार्यक्रमों के बीच अंबानी परिवार ने अपनी खुशियां मुंबई के 2000 वचिंत बच्चों के साथ बांटी।
आकाश और श्लोका के साथ अंबानी परिवार और मेहता परिवार ने अन्न सेवा में 2000 बच्चों को रात का खाना परोसा। जियो गार्डन्स में धीरूभाई अंबानी स्क्वायर पर इक्ट्ठा हुए ये बच्चे रिलायंस फाउंडेशन के विभिन्न प्रोजेक्टस् से जुड़े हुए हैं।

नीता और मुकेश अंबानी के परिवार ने मुंबई शहर के सभी अनाथालयों और वृद्धाश्रमों मे बुधवार से एक सप्ताह तक अन्न सेवा कार्यक्रम चलाने की शुरुआत की। 6 से 13 मार्च तक शहर के सभी अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में राशन और अन्य सामान की आपूर्ति जारी रहेगी। सप्ताह भर बाद एक वर्ष तक मुंबई के सभी अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में भोजन के लिए खाद्य सामग्री भी अंबानी परिवार देगा।
अन्न सेवा के मौके पर नीता अंबानी ने कहा “ हम अपनी खुशी आप सभी के साथ साझा करना चाहते हैं और शहर भर के हजारों बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं”। इस मौके पर विशेष म्यूजिकल फाउंटेन शो का प्रीमियर भी आयोजित किया गया।
इसमें विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के लगभग 2000 से अधिक सुविधाओं से वंचित बच्चों को आमंत्रित किया गया। मुख्य आकर्षण ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हो’ का गायन था, इनको वाटर फाउंटेन के साथ तालमेल में प्रस्तुत किया गया था।
