यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के दामाद और कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा आगामी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। बुधवार शाम को उन्होंने कहा, कई जगह से लोगों के निवेदन आ रहे हैं कि मैं उनके यहां से चुनाव लड़ू। मैं सही समय पर फैसला लूंगा। बता दें कि राबर्ट वाड्रा को लेकर कई दिनों से ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि वे किसी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

प्रवर्तन निदेशालय के मामले में लगातार पेशी भुगत रहे वाड्रा का कहना है कि ईडी जहां भी पूछताछ के लिए बुलाएगी, मैं वहां पर जाउंगा। मैं देश में ही रहता हूं। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। आखिर में सच की जीत होगी। उन्होंने कहा, ये मामले तो पांच साल से चल रहे हैं, लेकिन चुनाव के वक्त मुझ पर ज्यादा ही दबाव बनाया जा रहा है।
मीडिया के साथ बातचीत में वाड्रा ने कहा, वे बदलाव के लिए राजनीति में आ सकते हैं। पिछले दिनों मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में उनके नाम के पोस्टर भी लग गए थे, हालांकि शाम होते होते वे पोस्टर उतार लिए गए थे। वाड्रा इससे पहले भी इशारा कर चुके हैं कि वे राजनीति में आना चाहते हैं।
