मिजोरम के राज्यपाल के. राजशेखरन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। के. राजशेखरन को मई 2018 में मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया था। असम के राज्यपाल जगदीश मुखी मिजोरम के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। के. राजशेखरन के इस्तीफे के बाद कहा जा रहा है कि वह कांग्रेस नेता शशि थरूर के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की केरल इकाई राजशेखरन को तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर के खिलाफ उम्मीदवार बनाना चाहती है। इसके लिए भाजपा की केरल इकाई ने पार्टी लीडरशिप से बातचीत भी की थी। इस बातचीत के बाद ही राजशेखरन का इस्तीफा आया । ऐसे में कहा जा रहा है कि पार्टी उन्हें कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर के खिलाफ तिरुवनंतपुरम सीट से लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है।

के. राजशेखरन संघ विचारधारा से आते हैं। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे हैं। 2015 में उन्हें केरल का भाजपा अध्यक्ष बनाया गया था। वह तीन सालों तक केरल के भाजपा अध्यक्ष रहे और इसके बाद उन्हें मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
यह भी कहा जा रहा है कि अगर भारतीय जनता पार्टी के.राजशेखरन को वापस सक्रिय राजनीति में बुलाती है तो दूसरे राज्यों के राज्यपाल भी इस तरह की मांग कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला भी वापस सक्रिय राजनीति में लौटना चाहते हैं। उन्होंने भी ऐसी इच्छा जताई है।
