देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार शाम को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक बार फिर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें कहा गया है कि राज्य सरकारें सुनिश्चित करें कि जम्मू-कश्मीर मूल के लोगों के साथ किसी तरह का कोई बुरा बर्ताव न हो। अगर कोई व्यक्ति उनके साथ गलत हरकत करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस बाबत सभी राज्यों के खुफिया विभागों को भी सचेत कर दिया गया है। वजह है यूपी की घटना के बाद आईबी ने उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी इस तरह के मामले सामने आने के संकेत दिए हैं।

लखनऊ में कश्मीर के रहने वाले दुकानदारों से मारपीट का मामला सामने आया है। सड़क पर ड्राई फ्रूट बेंच रहे कश्मीर के दो विक्रेताओं पर बुधवार को एक राइट-विंग संगठन से जुड़े लोगों ने हमला कर दिया और उन्हें थप्पड़ व लाठी से पीटा।
इतना ही नहीं, राइट विंग संगठन से जुड़े हमलावरों ने दोनों कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट का वीडियो भी साझा किया। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से दोनों कश्मीरी युवकों को हमलावरों के चंगुल से बचा लिया गया। जिन कश्मीरियों को पीटा गया, उनमें से एक का नाम अफजल नाइक है और दूसरे का अब्दुल सलाम।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू ने भी इस घटना पर कड़ी नाराजगी जाहिर की, उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल पर मारपीट का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि इन गरीब असहाय लोगों पर हमला करने की जगह तुम लोग मेरे पास क्यों नहीं आते, मैं खुद कश्मीरी हूं, तुम लोगों के लिए एक डंडा रखा हुआ है, जो बेकरार हुआ जा रहा है’
