
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : हैदराबाद से 8 माह के विशेष प्रशिक्षण प्राप्त “लिओ” नामक श्वान दस्ते के सहयोग से एसएसपी के नेतृत्व में गठित मद्य निषेध विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को आशातीत सफलता हासिल हुई है. हथौड़ी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक अवैध शराब फ़ैक्ट्री का उद्भेदन करने के साथ ही भारी मात्रा में अवैध शराब, स्प्रिट व शराब बनाने का सामान बरामद किया है.

होली पर्व के मद्देनज़र तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आईजी द्वारा अवैध शराब, शराबियों, तस्करों-कारोबारियों और अवैध भण्डारण करने वालों पर नकेल कसने के साथ ही शराबबंदी कानून का प्रभावी रूप से अनुपालन कराने हेतु दिए गए दिशा निर्देश के 24 घंटों के अंदर ही वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम को हथौड़ी थाना क्षेत्र के डकरमा गाँव में संचालित एक अवैध शराब फ़ैक्ट्री का उद्भेदन करने के साथ ही इलाके के कई स्थानों से अवैध शराब बरामद किया है.

हालांकि पुलिस छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी फरार होने में सफल रहा. इस दौरान पुलिस टीम ने नकली शराब बनाने के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए अवैध स्प्रिट, हजारों लीटर अवैध विदेशी शराब समेत शराब निर्माण की सामग्री जप्त कर लिया. लिओ” ने घूम-घूम कर पूरे इलाके में तलाशी करते हुये शराब बरामदगी में पुलिस टीम का भरपूर सहयोग दिया। “लिओ” के बताये जगहों पर पुलिस टीम जहाँ जिस ओर हाथ डाल रही थी वहाँ से शराब की बोतलें निकल रही थी। नालों-तालाबों, झाडियों, गड्ढों समेत जगह-जगह से शराब बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार को हथौड़ी थाना के डकरमा में अवैध शराब फैक्ट्री संचालित होने की सूचना प्राप्त हुई थी. मिली सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक पूर्वी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में उत्पाद अधीक्षक दीनबंधु समेत चार थानों की पुलिस टीम ने हथौड़ी थाना के डकरमा में “लिओ” नामक श्वान (खोजी कुत्ता) के साथ छापेमारी कर ड्रामों और गैलनों में रखे हजारों हजारों लीटर अवैध स्प्रिट, अर्द्धनिर्मित शराब, शराब की खाली बोतलें, गुड़, रैपर, पैकिंग मशीन, नकली सरकारी थ्री डी सील, ढक्कन, सप्लाई हेतु गैलनों में तैयार शराब समेत ड्रामों में रखे हजारों लीटर नकली शराब बरामद किया गया.

जैसे ही गठित पुलिस टीम श्वान “लिओ” के साथ हथौड़ी थाना के डकरमा गाँव में प्रवेश की, पुरे इलाके में नालों-तालाबों से शराब की बरामदगी होने लगी. “इलाके के लगभग लोग अवैध शराब के धंधे में लिप्त पाये गए हैं. तीन ट्रैक्टर व गाड़ियों में भरकर ड्रामों-गैलनों में रखे अवैध स्प्रिट, शराब बनाने की सामग्रियों को जप्त कर थाना लाया गया. इतनी बड़ी कार्रवाई के दौरान एसएसपी मौके पर कैम्प कर पूरे अभियान के दौरान मुस्तैदी से डटे रहे।

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी मनोज कुमार ने बताया की जोनल आईजी के निदेशानुसार गठित टीम ने हैदराबाद के विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर आये “लिओ” नामक श्वान (कुत्ता) ने बड़ी भूमिका निभाते हुए हथौड़ी थाना क्षेत्र के डकरमा में अवैध शराब की तलाशी की. इस दौरान क्षेत्र के लगभग औसतन हर घरों का माल खेतों और तालाबों से बरामद होने लगा. पुलिसकर्मियों द्वारा नालों और तालाबों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गयी.

क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में हुई शराब बरामदगी मामले में लगभग डेढ़ दर्जन लोगों की सूची बनाई गई है जो इस धंधे में संलिप्त है. एसएसपी ने कहा मामले में गाँव के मुखिया रविंद्र बैठा से इस बाबत पूछताछ की गयी तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, वहीं चौकिदार की किड्नी फ़ेल है अतः उन्होंने भी मामले में कुछ बोलने पर असमर्थता जताई। वार्ड सदस्य को बुलाने पर मौके पर वे हाज़िर नहीं हुए. अंचलाधिकारी से उक्त ज़मीन का खाता खेसरा संख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिसके उपरांत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

अवैध शराब फ़ैक्ट्री का संचालक फरार बताया जाता है. वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने गत् 23 फरवरी को हुये पारु में संदीप सिंह की शराब फ़ैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद अवैध शराब फ़ैक्ट्री उद्भेदन की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई है.

एसएसपी ने बताया की शराब फैक्ट्री संचालक की तलाशी में छापेमारी की जा रही है. विदित हो की गत 23 फरवरी को एसडीपीओ डॉ. शंकर झा के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गयी कार्रवाई में पारू थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर दियारा इलाके में शराब बनाने के अड्डे का भंडाफोड़ कर, एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए 17000 लीटर अवैध विदेशी शराब जप्त कर लिया गया था.