
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुज़फ़्फ़रपुर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र पारु के चक्की सोहागपुर में अवैध शराब भट्ठी में छापेमारी के दौरान बरामद कच्चे शराब को पुलिस कार्रवाई के तहत द्रुत विनाश कर दिया गया है। इस दौरान मौके से अवैध हथियार निर्माण से जुडे़ उपकरण भी बरामद किये गये हैं।

इस मामले में वरीय पुलिस आधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि अवैध शराब और कारोबारियों के खिलाफ चलाये गये अभियान के तहत गठित पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम को पारु के नक्सल प्रमावित क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब फैक्ट्री की सूचना मिली थी। छापेमारी के क्रम में सभी भाग निकले। बड़े-बड़े ड्रामों में स्पिरिट व शराब बनाने की सामग्री समेत कई अन्य सामान मिले जिसे पुलिस ने कार्रवाई करते हुये उक्त भट्ठी के कच्चे माल का द्रुत विनाश करते हुये भट्ठी को ध्वस्त कर दिया है।

छापेमारी के क्रम में अवैध हथियार बनाने के कुछ औजार बरामद किये गये हैं जिससे यह प्रतीत होता है कि अवैध नकली शराब के निर्माण के साथ-साथ हथियार बनाने का कार्य भी होता था। जो शराब कारोबारियों के नक्सलियों के साथ सांठ-गांठ की ओर सीधे-सीधे इशारा करता है।

विदित हो कि पारु का सोहागपुर नक्सलियों का गढ़ माना जाता रहा है जिस कारण लोकल पुलिस भी शराब कारोबारियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई करने से कतराती है। जिसका प्रमाण है पारु के सरमस्तपुर के दियारा इलाके में बेरोकटोक चल रहे संदीप सिंह की अवैध शराब फैक्ट्री।

जानकारी के अनुसार लोकल थाना को इसकी सूचना पूर्व से ही थी पर दबंग संदीप सिंह का नाम के समक्ष पुलिस कार्रवाई करने से कतरा रही थी। गत् 23 फरवरी को सरैया एसडीपीओ डाॅ. शंकर झा के नेतृत्व में चार थानों की संयुक्त कार्रवाई में उक्त फैक्ट्री का भंडाफोड़ हो सका था।

पारु नक्सली गतिविधियों का प्रमुख केन्द्र होने के साथ-साथ अवैध शराब कारोबार में भी अव्वल नंबर पर है। लगभग 70 प्रतिशत आबादी नक्सलियों के सहयोग से शराब कारोबार या तस्करी के धंधे में संलिप्त बताये जाते हैं। नाम उजागर न करने की शर्त पर एक पुलिस सूत्र ने बताया कि इलाके के शराब कारोबारियों को नक्सलियों का वरदहस्त प्राप्त है जिसकी शह पर ये बेरोकटोक धंधा करते हैं। कई बार शराब पकड़ाने बाद पुलिस मुखबिरी के संदेह को आधार बनाकर गांव में हिंसक भिड़ंत भी हो चुकी है।

पूर्व में भी पारु इलाके में कई बार शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया जा चुका है। हाल के वर्षों में मलाही गाँव में फैक्ट्री का भंडाफोड़, माणिकपुर गाँव में अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भेदन, फतेहाबाद स्थित दियारा से राकेश सहनी और शंकर सहनी की अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 2000 लीटर स्पिरिट व 70 कार्टून शराब बरामदगी, भगवानपुर सिमरा से विद्यानंद की गिरफ्तारी के साथ शराब बनाने का सामान, रघुनाथपुर में शराब फैक्ट्री आदि का उद्भेदन हो चुका है। 3 दिन पूर्व ही अम्बिका राय के घर के पीछे से 40 लीटर विदेशी शराब की बरामदगी भी की गई थी। प्रशासन द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बावजूद कारोबारी प्रशासन के नाक के नीचे फिर से अपना कारोबार खड़ा कर लेते हैं।

अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को पकड़ने के बाद कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है। अधिकारियों व कर्मियों को यह नही मालूम की शराब के मामले में पकड़े गए कितने लोग इस अवैध कारोबार में दोबारा संलिप्त हो गए हैं।
