
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : चुनाव और होली पर्व के मद्देनजर शराब और शराबियों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध मुजफ्फरपुर पुलिस जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान में जुटी है। मुजफ्फरपुर शहर में विधि व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण की दिशा में शुरू किए गए अश्व मोबाईल ने मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के बनारस बैंक चौक और सरैयागंज टावर पर चार नशेडि़यों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार बनारस बैंक चौक और नगर थाना क्षेत्र के सरैयागंज टावर पर वाहन चेकिंग के दौरान क्रमशः दो-दो नशेडियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बनारस बैंक चौक पर मोटरसाइकिल सवार नशे में धुत दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के माई स्थान निवासी गणेश चौधरी के पुत्र रोशन कुमार और दरभंगा कुशेश्वरस्थान निवासी राम नारायण के पुत्र जीतू कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि जीतू अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल चौक पर जीतू गैराज नामक ऑटोमोबाइल गैराज संचालक है। इसके कुछ घंटों पश्चात ही सरैयागंज टावर पर शराब के नशे में धुत दो युवकों को पकड़ा गया है।

गिरफ्तार चारों युवकों को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। नगर थाने की पुलिस गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर जांच पड़ताल में जुटी है।
