
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब तस्करों-कारोबारियों और अवैध भण्डारण करने वालों पर नकेल कसने के दिशा में वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन शराब कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने में जुटी है। एक तरफ जहाँ “लियो” शराब कारोबारियों और तस्करों के छक्के छुड़ा रहा है, वहीं दूसरी ओर वरीय पदाधिकारियों के औचक निरीक्षण से सशंकित पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी से पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं. आज अहले सुबह सूचना के आधार पर मीनापुर पुलिस ने दो स्थानों से भारी मात्रा में अवैध शराब और वाहन जप्त करते हुए बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार को मिली गुप्त सूचना मिली थी की शराब की खेप मीनापुर के रास्ते रुन्नीसैदपुर की ओर जाने वाली है. सूचना के आधार पर मीनापुर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई का निर्देश दिया गया. थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने गोरगामा मठ के नज़दीक एक बोलेरो को आते देख रुकने का इशारा किया, पर बोलेरो चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी. पुलिस ने बोलेरो खदेड़ कर पकड़ लिया और चालक रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर वाहन जप्त कर लिया गया. बोलेरो की तलाशी के दौरान 22 कार्टूनों में रखा अवैध शराब बरामद किया गया.

थाना पर जप्त शराब का मिलान करने पर रॉयल स्टैग ब्रांड के 375 एमएल के कुल 17 कार्टूनों में रखे 408 बोतल और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड के 375 एमएल के कुल 5 कार्टूनों में रखे 120 बोतल बरामद किया गया. बोलेरो चालक टेंगरारी निवासी रंजीत कुमार बताया जाता है. पूछताछ में चालक ने बताया की शराब की खेप की डिलीवरी रुन्नी सैदपुर में रामबाबू सहनी नामक व्यक्ति को देनी थी. पुलिस जांच में 4-5 शराब कारोबारियों का नाम चिन्हित किया गया है, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है.

इससे पूर्व एक अन्य मामले में मीनापुर थाना क्षेत्र के गंज बाजार निवासी उमेश प्रसाद के घर छापेमारी कर छुपा कर रखे गए रॉयल स्टैग ब्रांड के 375 एमएल के 2 कार्टून में रखे कुल 48 बोतल, 180 एमएल के 2 कार्टून में रखे कुल 96 बोतल और इम्पीरियल ब्लू के 375 एमएल के 12 बोतल अवैध शराब बरामद कर लिया गया. पुलिस छापेमारी देख कारोबारी सोनू कुमार भाग निकला. थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया की उमेश प्रसाद का पूरा परिवार अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त है. शराब बरामदगी मामले में उमेश प्रसाद पूर्व से ही जेल में बंद हैं. दोनों मामलों में मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज़ कर लिया गया है.
